Breaking NewsE-paperMain Slidesअंतर्राष्ट्रीयसमाचार

वियतनाम में भारतीय पर्यटकों की नाव पलटी, 15 की मौत; आंध्र प्रदेश के तीन लोगों की गई जान

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटने से 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में आंध्र प्रदेश के तीन लोग शामिल हैं। भारतीय दूतावास ने कंट्रोल रूम स्थापित कर बचाव और सहायता अभियान शुरू किया है।

हनोई/नई दिल्ली। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में भारतीय पर्यटकों समेत 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों में आंध्र प्रदेश के तीन नागरिक शामिल हैं। हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने कंट्रोल रूम स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू कर दी है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक और चार चालक दल के सदस्य सवार थे। यह नाव होन मे रुत (Hon May Rut) द्वीप से एन थोई पोर्ट (An Thoi Port) लौट रही थी। तट से लगभग 400 मीटर पहले नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे सभी यात्री समुद्र में गिर गए।

राहत एवं बचाव अभियान में जुटीं कई एजेंसियां

हादसे की सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल, नौसेना, कोस्ट गार्ड और स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंच गए। आसपास मौजूद पर्यटक नौकाओं ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया। कई यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि मृतकों और लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

आंध्र प्रदेश के तीन लोगों की मौत

हादसे में आंध्र प्रदेश के कडप्पा निवासी मुडियम श्रीधर (56), हिंदूपुर के रवि और मछलीपट्टनम की गेली जयश्री की मौत हो गई।

वहीं, गेली किशोर की हालत गंभीर बताई जा रही है। कडप्पा के रहने वाले नईम सुरक्षित हैं, क्योंकि वह किसी कारणवश नाव पर सवार नहीं हो पाए थे।

भारतीय दूतावास ने बनाया कंट्रोल रूम

हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की जा रही है। प्रभावित भारतीय परिवारों की सहायता के लिए हनोई और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय मिशनों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।

दूतावास ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है और भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास और कॉन्सुलेट वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से वियतनामी प्रशासन के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।

घटना की जांच जारी

स्थानीय प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाव के पलटने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button