लखनऊ में LPG कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन, 20 गोदामों की जांच, 7 सिलिंडर जब्त
लखनऊ में LPG कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन। 20 गैस एजेंसियों की जांच, अलीगंज से 7 सिलिंडर और रीफिलिंग उपकरण जब्त, आरोपी पर केस दर्ज।
लखनऊ। राजधानी में एलपीजी की कालाबाजारी पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। विशाख जी. के निर्देश पर प्रशासनिक टीमों ने शहर की 20 गैस एजेंसियों के शोरूम व गोदामों की जांच की।
अभियान के दौरान अलीगंज क्षेत्र में महावीर इंटर कॉलेज के पास स्थित एलडीए कॉलोनी की एक दुकान में अनियमितताएं पाई गईं। यहां से 14.2 किलोग्राम के सात घरेलू गैस सिलेंडर, दो लिफ्टर, पाइप से गैस भरने वाला उपकरण और वजन मापने की मशीन बरामद की गई।
मौके पर मौजूद सुरेंद्र कुमार ने खुद को हॉकर बताते हुए गैस रीफिलिंग का कार्य करने की बात स्वीकार की। इस पर उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रकाश ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। सभी एजेंसियों के स्टॉक की नियमित जांच कर व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




