जेल से बाहर आते ही आजम खान को ED ने दबोचा, 15 मिनट में बदला रिहाई का जश्न; अब्दुल्ला आजम हुए रिहा
Azam Khan Arrest: रामपुर जेल से रिहाई के करीब 15 मिनट बाद ED ने सात साल पुराने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को गिरफ्तार कर लिया। गाजियाबाद कोर्ट से वारंट लेकर पहुंची थी टीम।
रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई के बाद भी मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। शनिवार शाम रामपुर जेल से बाहर निकलने के करीब 15 मिनट बाद ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ईडी की टीम गाजियाबाद की अदालत से गिरफ्तारी वारंट लेकर पहुंची थी। यह कार्रवाई सात साल पुराने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
इस दौरान आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम जेल से रिहा हो गए और अपने बड़े भाई अदीब के साथ घर चले गए। दूसरी ओर, ईडी की टीम आजम खान को अपने साथ गाजियाबाद ले गई। अब उन्हें वहां की विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगे जाने की तैयारी है।
सात साल पुराने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय ने वर्ष 2019 में आजम खान के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ECIR) दर्ज की थी। इसी मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए ईडी की 16 सदस्यीय टीम शनिवार को रामपुर पहुंची।
टीम चार वाहनों से आई थी। गिरफ्तारी की कार्रवाई के लिए ईडी के अधिकारियों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी मौजूद थे। स्थानीय पुलिस से भी सुरक्षा व्यवस्था ली गई थी। गाजियाबाद की अदालत से वारंट लेकर पहुंची टीम ने आजम खान को जेल से बाहर आते ही हिरासत में ले लिया।
जेल के बाहर सिर्फ 15 मिनट रह सके आजम खान
आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम शनिवार शाम 6 बजकर 57 मिनट पर रामपुर जेल से बाहर आए। जेल के बाहर उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। उनके बड़े बेटे अदीब भी वहां पहुंचे थे।
परिवार और समर्थकों से मुलाकात का सिलसिला शुरू ही हुआ था कि ईडी की टीम ने आजम खान को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान आजम खान ने कार्रवाई का विरोध किया और ईडी के वाहन में बैठने से इनकार कर दिया। समर्थकों ने भी एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की।
हालांकि, कुछ देर बाद ईडी की टीम उन्हें अपने साथ ले जाने में सफल रही। शाम 7 बजकर 12 मिनट पर आजम खान को लेकर टीम गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई। इस तरह जेल से बाहर आने के करीब 15 मिनट बाद ही उन्हें दोबारा हिरासत में जाना पड़ा।
अब्दुल्ला आजम की रिहाई पर समर्थकों ने मनाई खुशी
आजम खान को ईडी अपने साथ ले गई, जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला आजम रिहा हो गए। इसके बाद अब्दुल्ला अपने बड़े भाई अदीब के साथ घर पहुंचे।
उनकी रिहाई पर समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी जताई। समर्थक उनके पीछे-पीछे घर तक पहुंच गए थे। बाद में अब्दुल्ला ने लोगों को समझाकर वापस भेजा।
गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश करेगी ED
ईडी अब आजम खान को गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश करेगी। एजेंसी की ओर से मामले में पूछताछ के लिए रिमांड मांगे जाने की संभावना है। अदालत के फैसले के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।
दो पैनकार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद आजम खान की जेल से रिहाई की उम्मीद जगी थी, लेकिन मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की गिरफ्तारी ने उनकी मुश्किलें फिर बढ़ा दी हैं। वहीं, अब्दुल्ला आजम की रिहाई से उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली है।


