‘70% देश के साथ अन्याय’, ट्रेड डील को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा बयान
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सवाल उठाते हुए इसे देश की 70% आबादी के साथ धोखा बताया। सोशल मीडिया पर सरकार से पूछा—यह समझौता किस दबाव में हुआ?
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस समझौते को देश की 70 प्रतिशत आबादी के साथ धोखा करार देते हुए इसकी पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सरकार को देश को यह बताना चाहिए कि यह ट्रेड डील किस दबाव में की गई। उन्होंने कहा कि इस समझौते का सबसे ज्यादा असर किसानों, छोटे व्यापारियों और आम लोगों पर पड़ेगा, लेकिन उनकी राय लिए बिना ही फैसला कर लिया गया।
“किसके दबाव में हुई डील?”
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इस ट्रेड डील से किसे फायदा और किसे नुकसान होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े फैसले बिना व्यापक चर्चा के लिए जा रहे हैं, जो लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।
ट्रंप के पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट कर भारत-अमेरिका ट्रेड डील की जानकारी दी थी। ट्रंप ने लिखा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके “सबसे अच्छे दोस्तों” में से एक हैं और यह समझौता दोस्ती व आपसी सम्मान के आधार पर हुआ है।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि पीएम मोदी के आग्रह पर भारत पर लगाए गए पारस्परिक शुल्क (Reciprocal Tariff) को कम करने पर सहमति बनी है।
विपक्ष ने मांगी पूरी जानकारी
हालांकि, ट्रंप के इस पोस्ट के बाद देर रात तक भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से कोई औपचारिक स्पष्टीकरण नहीं आया था। बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर बातचीत की पुष्टि जरूर की, लेकिन डील के ब्योरे सार्वजनिक नहीं किए गए।
अखिलेश यादव ने इसी को आधार बनाते हुए कहा कि जब तक समझौते की पूरी शर्तें सामने नहीं आतीं, तब तक इसे देशहित में नहीं माना जा सकता।



