Breaking NewsMain Slidesउत्तर प्रदेशकानपुरलखनऊसमाचार

कानपुर बस हादसा: एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस पलटी

5 साल के बच्चे सहित 3 की मौत, 25 घायल

“कानपुर बस हादसा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटने से 5 साल के बच्चे सहित 3 की मौत हो गई। 25 से अधिक घायल, 10 की हालत गंभीर। ड्राइवर झपकी में था और हादसे के बाद फरार हो गया। घायलों के इलाज के लिए 22 डॉक्टरों की टीम तैनात है। “

कानपुर। कानपुर बस हादसा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आनंद विहार (दिल्ली) से सिवान (बिहार) जा रही स्लीपर बस अचानक डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। बस में 45 यात्री सवार थे। हादसे में 5 साल के मासूम अनुराग सहित 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 6 बच्चों सहित 25 से अधिक लोग घायल हैं।

ड्राइवर को झपकी आने से बस पलटी, 50 फीट तक घिसटती चली गई

हादसा सुबह 3:20 बजे कानपुर देहात के अरौल के बरंडा गांव के सामने हुआ। तेज़ रफ्तार में बस डिवाइडर से टकराई और पलटते हुए 50 फीट तक घिसटती चली गई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और यात्री सीटों के बीच फंस गए। अंधेरा होने के कारण कई मिनट तक यात्री मदद के लिए चिल्लाते रहे।

ड्राइवर और क्लीनर फरार

यात्रियों का कहना है कि बस काफी लहराकर चल रही थी। कई बार रुकने को कहा गया लेकिन ड्राइजर ने ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए।
बस (BR21P9389) 2018 में नालंदा RTO से रजिस्टर्ड है।

मृतकों की पहचान

1. अनुराग (5 वर्ष), सिवान (बिहार),

2. नसीम आलम (20), बिहार,

3. शशि कुमार (26), पश्चिम बंगाल,

अनुराग के पिता अजय अपने बेटे के कटे हुए सिर के पास बैठकर रोते रहे। उसकी मां गुड़िया का पैर कट गया और वह ICU में भर्ती है।

एक यात्री की 27 नवंबर को शादी थी

सिवान के पवन कुमार की 27 नवंबर को शादी है, लेकिन हादसे में उनका हाथ टूट गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को कई बार कॉल किया गया, लेकिन पुलिस 40 मिनट बाद मौके पर पहुंची।

राहत व बचाव कार्य

  • यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम सबसे पहले पहुंची
  • बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला गया
  • कई को सीट काटकर बाहर निकाला गया
  • पहला घायल 4:15 बजे बिल्हौर CHC पहुंचा
  • 22 डॉक्टरों की टीम इलाज में लगी

हैलट अस्पताल के SIC डॉ. आर.के. सिंह के अनुसार—

  • 6 बच्चे घायल
  • 1 मरीज ICU में
  • 5–6 की हालत गंभीर
  • ऑर्थो, सर्जरी, मेडिसिन, नेत्र विभाग के 22 डॉक्टर तैनात

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, DCP पश्चिम दिनेश त्रिपाठी,ADM सिटी राजेश कुमार,SDM डॉ. संजीव दीक्षित ने घायलों से मिलकर इलाज की स्थिति जानी।

घायलों की सूची जारी

24 घायलों की सूची जारी की गई है। इनमें सिवान, गोपालगंज, छपरा, दरभंगा, दिल्ली, हरियाणा, गोरखपुर, बस्ती और अयोध्या के लोग शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है।

हादसे का कारण—नींद या नशा?

यात्रियों का दावा है कि चालक “नशे में था।” पुलिस का प्राथमिक अनुमान—चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। जांच जारी है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ” आज का सफर ”
के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

विशेष संवाददाता – मनोज शुक्ला

Related Articles

Back to top button