Breaking NewsE-paperउत्तर प्रदेशराजनीतिराज्यसमाचार

रामपुर में CRPF कैंप हमले के मामले में बरी मोहम्मद शरीफ की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

रामपुर में CRPF कैंप हमले के मामले में हाईकोर्ट से बरी हुए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बेटे के साथ थाने से लौटते समय बाइक सवार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया।

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में मंगलवार देर शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। वर्ष 2007 में रामपुर स्थित CRPF ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत पाने के बाद जेल से बाहर आए मोहम्मद शरीफ की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई, जब वह अपने बेटे के साथ खजुरिया थाने से पुलिस वेरिफिकेशन कराकर बाइक से घर लौट रहे थे। हमलावरों ने पीछे से आकर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।

थाने से करीब 300 मीटर दूर वारदात

जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ खजुरिया थाना क्षेत्र के बदनपुरी गांव के निवासी थे। मंगलवार को वह अपने बेटे के साथ पुलिस वेरिफिकेशन के सिलसिले में खजुरिया थाने पहुंचे थे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाने से करीब 300 मीटर आगे बाइक सवार दो हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया।

रिपोर्टों के अनुसार, हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। उन्होंने चलते हुए बाइक सवार पिता-पुत्र पर फायरिंग की। गोली लगने से शरीफ गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनका बेटा हमले में सुरक्षित बच गया।

बेटे ने बताई वारदात की कहानी

मोहम्मद शरीफ के बेटे के मुताबिक, वह बाइक चला रहा था और उसके पिता पीछे बैठे थे। रास्ते में दूसरी बाइक से आए दो युवकों ने पीछे से हमला कर दिया। अचानक हुई फायरिंग के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

परिजनों ने पुलिस की ओर से थाने बुलाए जाने और उसके बाद हुई वारदात को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

2007 में CRPF ग्रुप सेंटर पर हुआ था हमला

रामपुर के CRPF ग्रुप सेंटर पर 31 दिसंबर 2007 की रात आतंकी हमला हुआ था। हमलावरों ने AK-47 और अन्य हथियारों के साथ हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया था। इस हमले में CRPF के सात जवान और एक रिक्शा चालक मारा गया था। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की थी और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

इस मामले में मोहम्मद शरीफ का नाम भी सामने आया था। वर्ष 2019 में रामपुर की सत्र अदालत ने शरीफ समेत चार आरोपियों को मौत की सजा सुनाई थी। इसके खिलाफ आरोपियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील की थी।

हाईकोर्ट ने आतंकी हमले के मामले में दी थी राहत

अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले में निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए आतंकी हमले से जुड़ी दोषसिद्धि और मृत्युदंड को रद्द कर दिया था। हालांकि, आर्म्स एक्ट के तहत दोषसिद्धि और सजा का पहलू अलग था। अदालत ने हथियार रखने से जुड़े मामले में सजा सुनाई थी। सजा की अवधि पूरी होने के बाद शरीफ जेल से बाहर आया था और अपने गांव में परिवार के साथ रह रहा था।

पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही, जांच के लिए टीमें सक्रिय

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी अन्य वजह की आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

थाने से कुछ ही दूरी पर हुई इस हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button