Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

लखनऊ में बाढ़ का CM योगी ने लिया जायजा, फैजुल्लागंज से नैमिष तक बनेगा तटबंध

लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ का सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्थलीय और हवाई सर्वेक्षण कर जायजा लिया। गोमती नदी पर फैजुल्लागंज से नैमिष तक पक्का तटबंध बनाने और बड़े पंपिंग सेट लगाने के निर्देश दिए।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को फैजुल्लागंज पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय और हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर राहत सामग्री वितरित की और अधिकारियों को जलभराव से राहत के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 दिनों में उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में हुई तेज बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर पड़ा है। नेपाल के साथ-साथ पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और सीतापुर में हुई बारिश का पानी नीचे आने से गोमती नदी का जलस्तर बढ़ा है।

गोमती पर पक्का तटबंध बनाने के निर्देश

गोमती नदी के बढ़े जलस्तर से बक्शी का तालाब, लखनऊ उत्तर और फैजुल्लागंज के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी है। मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग को फैजुल्लागंज से नैमिष नगर तक नदी क्षेत्र का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।

सर्वे के बाद नदी किनारे पक्का तटबंध बनाने की योजना तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि तटबंध के बाहर स्थित गांवों में जलभराव न हो, इसके लिए भी पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

बड़े पंपिंग सेट लगाने के निर्देश

सीएम योगी ने अधिकारियों को बड़े पंपिंग सेट लगाने के निर्देश दिए, ताकि बारिश और बाढ़ का पानी तेजी से बाहर निकाला जा सके। उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button