गोरखपुर में बोले सीएम योगी- भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के शिल्पी, पीएम मोदी नए भारत के शिल्पी
गोरखपुर में विश्वकर्मा पूजनोत्सव पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा की। उन्होंने शिल्पकारों और कारीगरों को बधाई देते हुए पीएम विश्वकर्मा योजना की सराहना की और कहा कि आधुनिक तकनीक व नए बाजार से जुड़कर कारीगर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
गोरखपुर: भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के जटाशंकर स्थित श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की आराधना कर प्रदेश के शिल्पकारों, कारीगरों और समस्त नागरिकों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो देश अपने शिल्पकारों और कारीगरों को सम्मान देता है, वही निरंतर आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा में शिल्प और कारीगरी का विशेष महत्व रहा है और लाखों परिवारों के लिए उनका हुनर आजीविका तथा स्वावलंबन का आधार रहा है।
सीएम योगी ने पीएम विश्वकर्मा योजना का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई पीएम विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से पारंपरिक शिल्प और कारीगरी को आधुनिक तकनीक तथा नए बाजार से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पहली बार शिल्पकारों और कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों से जोड़ने की दिशा में व्यापक स्तर पर काम हुआ है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे पारंपरिक हुनर रखने वाले लोगों को अपनी कला को आगे बढ़ाने और उसे रोजगार से जोड़ने के अवसर मिले हैं।
‘कारीगरी ही स्वावलंबन का आधार रही’
सीएम योगी ने कहा कि राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, सोनार समेत कारीगरी के विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों के लिए उनकी शिल्प कला हमेशा से स्वावलंबन का आधार रही है। हालांकि, आजादी के बाद लंबे समय तक पारंपरिक शिल्प और कारीगरी को अपेक्षित प्रोत्साहन नहीं मिल पाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय के साथ इन पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और बाजार की जरूरतों से जोड़ना आवश्यक है। सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य कारीगरों को उनके कौशल के आधार पर आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर देना है।
यूपी में तीन करोड़ से अधिक लोगों के स्वावलंबी होने का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रोत्साहन से उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी और शिल्प से जुड़कर रोजगार तथा स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण और आधुनिक उपकरणों के साथ कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।
‘भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के शिल्पी, पीएम मोदी नए भारत के शिल्पी’
मुख्यमंत्री योगी ने विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के संयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज सृष्टि के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती है और इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है।
सीएम योगी ने कहा कि देश के कारीगर और शिल्पी अपने-अपने हुनर के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर की गुरु गोरखनाथ की पावन धरती से वह भगवान विश्वकर्मा के मंदिर में सृष्टि के शिल्पी के चरणों में नमन करते हुए प्रधानमंत्री को प्रदेशवासियों की ओर से बधाई देते हैं। उन्होंने विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन की कामना भी की।
पूजनोत्सव पुस्तक का किया विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव’ पुस्तक का विमोचन भी किया। मंदिर समिति की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता और स्थानीय पार्षद छट्ठीलाल गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास तथा श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर समिति से जुड़े जयप्रकाश शर्मा, अनूप शर्मा, अजय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।



