ईरान की योजना थी इजराइल पर बड़ा हमला, कार्रवाई से टला संकट
“इजरायली राजदूत रूवेन अजार ने कहा कि ईरान के खिलाफ इज़राइल और अमेरिका की सैन्य कार्रवाई सिर्फ सुरक्षा के लिए नहीं बल्कि भारत सहित वैश्विक हितों के लिए भी जरूरी थी। खाड़ी में रहने वाले लाखों भारतीयों के लिए राहत की खबर।”नई दिल्ली। इज़राइल के राजदूत रूवेन अजार ने हाल ही में कहा है कि ईरान के खिलाफ इज़राइल और अमेरिका की सैन्य कार्रवाई केवल सुरक्षा की दृष्टि से नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और वैश्विक व्यापार के लिए जरूरी थी।
अजार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यदि अभी कार्रवाई नहीं होती तो आने वाले वर्षों में ईरान ऐसे कदम उठा सकता था जिससे भारत समेत कई देशों के दीर्घकालिक हित प्रभावित होते।
ईरान की बड़ी योजना
राजदूत ने कहा कि ईरान वर्ष 2027 तक इज़राइल पर बड़ा हमला करने की योजना बना रहा था और खाड़ी व अरब देशों में अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय अस्थिरता पैदा करने की रणनीति तैयार कर रहा था।
उन्होंने बताया, “अगर ईरान के पास परमाणु हथियारों का जखीरा होता तो वह क्या कर सकता था, इसकी कल्पना कीजिए। इस कार्रवाई से खाड़ी देशों में काम कर रहे लाखों भारतीय और भारत के आर्थिक संबंध सुरक्षित हुए हैं।”
खाड़ी में भारतीयों के लिए राहत
अजार ने बताया कि यह कदम सिर्फ अमेरिका और इज़राइल के लिए ही नहीं बल्कि पूरे विश्व और पश्चिम एशिया में व्यापार करने वाले देशों के लिए भी महत्वपूर्ण है। खाड़ी में रहने वाले लाखों भारतीय जो ईरान से उत्पन्न खतरे की छाया में थे, उनके लिए यह एक सकारात्मक संकेत है।
सैन्य कार्रवाई के बाद कूटनीति का रास्ता
इजरायली राजदूत ने कहा कि सैन्य कार्रवाई के बाद कूटनीति के लिए भी रास्ता खुला रहना चाहिए। पिछले कुछ दिनों में अमेरिका और क्षेत्रीय देशों के साथ लगातार कूटनीतिक संवाद जारी रहा है।