लखनऊ : ओला सर्विस सेंटर मारपीट: पिता को पीटा, बेटे को 200 मीटर दौड़ाया—वीडियो वायरल
“लखनऊ ओला सर्विस सेंटर मारपीट में पिता की पिटाई और बेटे को 200 मीटर दौड़ाने का मामला सामने आया। वीडियो वायरल, पुलिस ने 4 कर्मचारियों को हिरासत में लिया।”
लखनऊ। लखनऊ ओला सर्विस सेंटर मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुडंबा थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित ओला सर्विस सेंटर पर कर्मचारियों ने स्कूटी सर्विस कराने आए पिता-पुत्र के साथ बर्बरता की। बेटे के सामने ही पिता की बेरहमी से पिटाई की गई और जब बेटे ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे 200 मीटर तक दौड़ा लिया।
शनिवार दोपहर आशियाना के रवि खंड निवासी मनोज श्रीवास्तव अपने बेटे हर्ष के साथ ओला स्कूटी की सर्विसिंग कराने पहुंचे थे। हर्ष ने स्कूटी की स्थिति और रिपेयरिंग में हो रही देरी को लेकर कर्मचारियों से जानकारी मांगी। आरोप है कि सही जवाब देने की जगह एक कर्मचारी गाली-गलौज करने लगा। जब पिता-पुत्र ने इसका विरोध किया तो उसने फोन कर अपने साथियों—अजय यादव, प्रियांशु द्विवेदी, अभिषेक मिश्रा, शुभम श्रीवास्तव और अभिषेक राजपूत को मौके पर बुला लिया।
वीडियो में साफ दिखा कि कई कर्मचारी मिलकर मनोज श्रीवास्तव को सड़क पर धक्का देकर पीटते हैं। इसी दौरान हर्ष वीडियो रिकॉर्ड करने लगता है, तो स्टाफ के लोग उसे मारने के लिए दौड़ाते हैं। हर्ष ने बताया कि उसे लगभग 200 मीटर तक गंदी-गंदी गालियां देते हुए पीछा किया गया। आरोपी मोबाइल से वीडियो डिलीट कराने की भी कोशिश कर रहे थे।
किसी तरह बचकर युवक ने पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार आरोपियों—अजय यादव, प्रियांशु द्विवेदी, शुभम श्रीवास्तव और अभिषेक राजपूत को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ चल रही है और वीडियो को सबूत के तौर पर कब्जे में लिया गया है।
पीड़ित पिता का कहना है कि वे एक सप्ताह से सर्विस सेंटर के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन काम नहीं हो रहा था। परेशानी बताने पर उल्टा मारपीट का सामना करना पड़ा।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और सर्विस सेंटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।




