Breaking NewsE-paperराजनीतिवाराणसीसमाचार

लोकबंधु अस्पताल में गार्डों से ECG कराने का आदेश, वायरल पत्र पर उठे सवाल

लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में गार्ड और वार्ड बॉय को ECG करने की ट्रेनिंग देने का आदेश वायरल हुआ। DG मेडिकल हेल्थ ने गार्ड से ECG कराने को उचित नहीं बताया।

लखनऊ। लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में मरीजों का ECG (Electrocardiogram) कराने के लिए गार्ड और वार्ड बॉय को प्रशिक्षण देने से जुड़ा एक आदेश सामने आने के बाद सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) की ओर से 29 सितंबर को जारी आदेश में एक गार्ड और एक वार्ड बॉय को ECG कक्ष में प्रशिक्षण लेने और अगले आदेश तक वहां आने वाले मरीजों का ECG करने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश के मुताबिक गार्ड मानवेंद्र सिंह और वार्ड बॉय विमलेश कुमार को 30 सितंबर से ECG कक्ष में उपस्थित होकर ECG करने का प्रशिक्षण लेने को कहा गया है। पत्र में यह भी लिखा है कि प्रशिक्षण के बाद वे ECG कक्ष में आने वाले मरीजों का ECG करना सुनिश्चित करें।

STEMI कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण का दावा

इस संबंध में लोकबंधु अस्पताल के CMS अमिताव श्रीवास्तव ने बताया कि STEMI कार्यक्रम के तहत अस्पताल के स्टाफ को ECG की ट्रेनिंग देने के उद्देश्य से आदेश जारी किया गया है। हालांकि, सिर्फ दो कर्मचारियों को ही ECG करने से संबंधित निर्देश दिए जाने के सवाल पर वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।

DG मेडिकल हेल्थ ने कहा- गार्ड से ECG कराना ठीक नहीं

मामले में DG मेडिकल हेल्थ डॉ. पवन अरुण ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस आदेश की जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गार्ड से ECG कराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन से बातचीत करने के बाद ही इस मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी यह आदेश अब चर्चा में है। एक तरफ अस्पताल प्रशासन इसे कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया बता रहा है, वहीं स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष अधिकारी ने गार्ड से ECG कराने को उचित नहीं माना है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि प्रशिक्षित किए जा रहे कर्मचारियों की जिम्मेदारी और ECG कराने की प्रक्रिया क्या होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button