Breaking NewsE-paperउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊसमाचार

कौशांबी में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्राला से टकराई पिकअप, सात श्रद्धालुओं की मौत

कौशांबी में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, खड़े ट्राला से टकराई पिकअप में 7 श्रद्धालुओं की मौत। फतेहपुर के बड़ोखर गांव के लोग रामनवमी पर कड़ा धाम से लौट रहे थे।

कौशांबीकानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा गांव के पास उस समय हुआ, जब एक पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े ट्राला से पीछे से टकरा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार करीब 25 लोग फतेहपुर जिले के मलवां क्षेत्र के बड़ोखर गांव के निवासी थे। सभी श्रद्धालु रामनवमी के अवसर पर कड़ा धाम स्थित मां शीतला के दर्शन कर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3:45 बजे वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्राला में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। चार एंबुलेंस के जरिए घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सात लोगों ने दम तोड़ दिया।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।

प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button