लखनऊ KGMU में रैगिंग पर बड़ी कार्रवाई, 38 छात्रों पर जुर्माना और हॉस्टल से निष्कासन

KGMU रैगिंग मामले में 38 MBBS छात्रों को तीन महीने के लिए सस्पेंड किया गया है। छात्रों पर 25-25 हजार रुपये जुर्माना, छात्रवृत्ति रोकने और हॉस्टल से निष्कासन की कार्रवाई हुई।
KGMU रैगिंग मामले में लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ने 38 एमबीबीएस छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की है। छात्रों को तीन महीने के लिए सस्पेंड किया गया है। साथ ही, प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, एक साल तक छात्रवृत्ति रोकने और हॉस्टल से निष्कासित करने का आदेश दिया गया है।
एंटी-रैगिंग सेल की जांच के मुताबिक, सीनियर छात्र रात 12 बजे से 2 बजे के बीच जूनियर छात्रों को वीडियो कॉल कर जगाते थे। आरोप है कि उनसे जबरन डांस करवाया जाता था और विरोध करने पर गाली-गलौज व अभद्रता की जाती थी। जूनियर्स से सीनियर्स के सामने सिर झुकाकर ‘प्रणाम महोदय’ और ‘प्रणाम मैडम’ कहलवाने की बात भी जांच में सामने आई।
वीडियो सामने आने के बाद शुरू हुई जांच
16 नवंबर को KGMU कैंपस में रैगिंग का एक वीडियो सामने आया था। इसमें जूनियर छात्र कतार में खड़े होकर सिर झुकाते और सीनियर्स को प्रणाम कहते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद एंटी-रैगिंग सेल ने मामले की जांच शुरू की।
जांच रिपोर्ट 19 नवंबर को कमेटी के सामने रखी गई। रिपोर्ट के आधार पर कुलपति ने कार्रवाई को मंजूरी दी और 26 नवंबर को आदेश जारी किया गया।
2025 बैच के 36 छात्र दोषी पाए गए
जांच के अनुसार, एमबीबीएस 2025 बैच के 36 छात्र दोषी पाए गए। इनके साथ 2026 बैच के दो जूनियर छात्रों की भी मदद करने में भूमिका सामने आई। कुल 38 छात्रों पर कार्रवाई की गई है।
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने छात्रों से रैगिंग की जानकारी तत्काल एंटी-रैगिंग कमेटी या प्रशासन को देने की अपील की।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भी हुई थी कार्रवाई
- करीब एक महीने पहले गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भी रैगिंग के आरोप में 18 छात्रों पर कार्रवाई की गई थी। इनमें एमबीबीएस 2025 बैच के 16 छात्र और दो इंटर्न शामिल थे। आरोप था कि उन्होंने एमबीबीएस 2026 बैच के जूनियर छात्रों की रैगिंग की थी।




