खनन अधिकारी के घर में कपड़ों की तरह रखी थीं नोटों की गड्डियां, 71 लाख कैश बरामद
Shamli Mining Officer Case: शामली में 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा लिपिक सद्दाम गिरफ्तार हुए। विजिलेंस ने ऑफिस से 8 लाख और आवास से करीब 63 लाख रुपये बरामद किए।
शामली। उत्तर प्रदेश के शामली में विजिलेंस की कार्रवाई के दौरान जिला खनन अधिकारी के सरकारी आवास से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने का मामला सामने आया है। 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह के आवास की तलाशी में 63 लाख रुपये नकद मिलने का दावा किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, नोटों की गिनती इतनी ज्यादा थी कि टीम को मशीन मंगानी पड़ी।
अलमारी में कपड़ों के साथ रखी थीं नोटों की गड्डियां
विजिलेंस टीम जब जिला खनन अधिकारी के सरकारी आवास पर पहुंची तो वहां दो अलमारियां मिलीं। तलाशी के दौरान एक अलमारी में कपड़ों के साथ नकदी से भरा बैग मिला। वहीं दूसरी छोटी अलमारी में कपड़ों की तरह नोटों की गड्डियां रखी हुई थीं।
जांच टीम के मुताबिक, दोनों अलमारियों में गुप्त लॉक के साथ बाहर से ताला भी लगा था। अलमारी के खानों में 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी मिलीं।
दो बैगों में भरे थे 500 रुपये के नोट
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे विजिलेंस की दो टीमें जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह को लेकर उनके सरकारी आवास पहुंचीं। तलाशी के दौरान एक अन्य अलमारी खोली गई तो उसमें दो बड़े बैग मिले।
इन बैगों में कथित तौर पर सिर्फ 500-500 रुपये के नोटों के बंडल भरे हुए थे। बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने रकम को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
हाथ से गिनते-गिनते थकी टीम, फिर मंगाई मशीन
बरामद नकदी की गिनती शुरू हुई तो टीम के सदस्यों को काफी समय लग गया। नोटों की संख्या अधिक होने के कारण हाथ से गिनती करना मुश्किल हो गया। इसके बाद एलडीएम से नोट गिनने की मशीनें मंगाई गईं और मशीनों की मदद से नकदी की गिनती पूरी की गई।
जांच के दौरान हिरासत में लिए गए खनन अधिकारी के अधिकारियों के बीच बेफिक्र होकर चाय पीने की बात भी सामने आई है।
85 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए थे अधिकारी
दरअसल, उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान यानी विजिलेंस की मेरठ सेक्टर ट्रैप टीम ने गुरुवार को जिला खनन अधिकारी कार्यालय में कार्रवाई की थी। टीम ने जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा कर्मी सहायक लिपिक सद्दाम को कथित तौर पर 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
कार्यालय की दराज से 8 लाख, घर से 63 लाख बरामद
विजिलेंस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान खनन अधिकारी के कार्यालय की दराज से 8 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद सरकारी आवास की तलाशी ली गई, जहां से 63 लाख रुपये मिलने का दावा किया गया।
इस तरह कार्यालय और आवास से बरामद नकदी की कुल राशि 71 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, नकदी की बरामदगी और उसके स्रोत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर स्पष्ट होगी।
बरामद रकम के स्रोत की होगी जांच
विजिलेंस अब बरामद नकदी के स्रोत और अधिकारी की संपत्तियों व आय से उसके संबंध की जांच करेगी। बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद यह भी देखा जाएगा कि रकम किसी वैध आय या लेनदेन से संबंधित है या नहीं।
रिश्वत मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।




