गोरखपुर एनकाउंटर: 1 लाख का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल ढेर, STF मुठभेड़ में मुख्य आरक्षी भी घायल

गोरखपुर एनकाउंटर में यूपी STF ने 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू को मार गिराया। आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस हिरासत से फरार होने समेत 10 मुकदमे दर्ज थे। मुठभेड़ में मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह घायल हुए। पढ़ें Gorakhpur Encounter News की पूरी रिपोर्ट।
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में रविवार देर रात उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और खोराबार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू को मुठभेड़ में मार गिराया गया। इस दौरान हुई गोलीबारी में मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि आजमगढ़ निवासी मुस्तफिजुल रहमान कुशीनगर की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर रामनगर करजहा से कुशीनगर मार्ग पर पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से नाकेबंदी की। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पहले आरोपी के पैर और बाद में आंख के पास गोली लगी। गंभीर रूप से घायल मुस्तफिजुल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए।
एसटीएफ के अनुसार, मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के खुंदनपुर गांव का रहने वाला था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी, चोरी तथा पुलिस हिरासत से फरार होने सहित 10 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2021 के एक हत्या के मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। दिसंबर 2024 में महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण क्षेत्र से पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज था।
पुलिस के अनुसार, मुस्तफिजुल का नाम बसपा प्रत्याशी कमालुद्दीन उर्फ कमालू हत्याकांड में भी सामने आया था। मुठभेड़ स्थल से एसटीएफ ने एक .32 बोर पिस्टल, एक मोटरसाइकिल तथा भारी मात्रा में कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



