दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम: तेज हवाओं के साथ बारिश,
“दिल्ली-मौसम में बदलाव, नई दिल्ली, और रेवारी में बारिश और ओलावृष्टि। किसानों को नुकसान की आशंका, गुरुवार को भी तेज बारिश और तेज हवाओं का अनुमान।”
नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली सहित पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बुधवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं, गरज-चमक और बूंदाबांदी के कारण जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दफ्तरों से घर लौट रहे लोगों को यातायात जाम और असुविधा का सामना करना पड़ा।
शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और कई इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। तेज झोंकों के कारण कई स्थानों पर धूल भरी आंधी भी चली, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हुई और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
वहीं हरियाणा के रेवाड़ी में मौसम ने और अधिक असर दिखाया। यहां शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी ओले गिरे, जिससे खेतों में खड़ी सरसों और गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसान इस अचानक बदले मौसम से चिंतित नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम का असर बना रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम में आए इस बदलाव से एक ओर जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, तेज हवाओं और बारिश के चलते जनजीवन पर आंशिक असर भी देखने को मिला है।