चीन की तारीफ कर राहुल गांधी बता रहे कांग्रेस की 60 साल की नाकामी: ओमप्रकाश राजभर
“चीन की तारीफ कर राहुल गांधी बता रहे कांग्रेस की 60 साल की नाकामी, यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा। उन्होंने भाजपा सरकार की कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए कांग्रेस, सपा और बसपा पर तीखा हमला बोला।”
गाजीपुर। चीन की तारीफ कर राहुल गांधी बता रहे कांग्रेस की 60 साल की नाकामी, यह कहना है उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर का। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें भारत के मुकाबले चीन के आगे निकलने की बात कही गई थी।
गाजीपुर के मरदह क्षेत्र में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि राहुल गांधी का यह बयान दरअसल कांग्रेस पार्टी की दशकों लंबी सरकारों की विफलता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि देश में करीब 60 वर्षों तक कांग्रेस का शासन रहा, अगर आज चीन आगे बढ़ा है तो उसकी जिम्मेदारी कांग्रेस को लेनी चाहिए।
भाजपा सरकार में कानून का राज: राजभर
राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। पहले सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों में दंगे, फसाद और कर्फ्यू आम बात थी। लेकिन पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में कोई बड़ा दंगा नहीं हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं कोई आपराधिक घटना होती है तो पुलिस पूरी निष्पक्षता से कार्रवाई करती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट निर्देश है कि असली दोषी की पहचान कर उसे सख्त सजा दी जाए, चाहे इसमें समय ही क्यों न लगे।
गाजीपुर हत्याकांड पर पीड़ित परिवार से मिले मंत्री
कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव में दीपक राजभर की हत्या के बाद ओमप्रकाश राजभर गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की और पुलिस अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि किसी निर्दोष को फंसाया न जाए और जो भी दोषी हो, उसे चिन्हित कर कानून के अनुसार दंडित किया जाए।
जन्मदिन की दी शुभकामनाएं
इस दौरान ओमप्रकाश राजभर ने बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा सांसद डिंपल यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
इस मौके पर सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, डॉ. जयनाथ राजभर, सुरेश राजभर, सलिक यादव, जयलाल राजभर, विशाल साहनी, संतोष यादव, छोटेलाल राजभर, सतीश राजभर, राजू राजभर, नंदलाल राजभर सहित कई लोग उपस्थित रहे।


