यूपी पंचायत चुनाव वोटर लिस्ट 2026 के तहत आजमगढ़ में 15 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। दावे और आपत्तियां 16 मार्च तक दर्ज कराई जा सकेंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने विस्तृत समय सारिणी जारी की। पढ़ें पूरी चुनावी अपडेट…
आजमगढ़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जानकारी दी कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल को किया जाएगा। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जारी समय सारिणी के तहत संपन्न होगा।
16 मार्च तक चलेगा दावे और आपत्तियों का निस्तारण
जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 जनवरी से 16 मार्च तक प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद हस्तलिखित पांडुलिपियां तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा की जाएंगी।
इस अवधि में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन और निस्तारण भी किया जाएगा, ताकि अंतिम सूची पूरी तरह त्रुटिरहित हो सके।
पूरक सूचियों का कंप्यूटरीकरण
21 फरवरी से 16 मार्च तक दावे/आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत पूरक सूचियों का कंप्यूटरीकरण किया जाएगा। इन्हें मुख्य सूची में समाहित कर मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के निर्धारण की कार्रवाई पूरी की जाएगी।
17 मार्च से 13 अप्रैल तक ये होंगे कार्य
इस चरण में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों का क्रमांकन, मैपिंग, मतदाता क्रमांक निर्धारण, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग और फोटो कॉपी का कार्य संपन्न किया जाएगा।
सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के बाद 15 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे कार्यालय
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि वृहद पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे।
प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए और चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय हो गई है। अब सभी की नजर 15 अप्रैल को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची पर टिकी है, जो आगामी चुनाव की आधारशिला साबित होगी।