Breaking Newsउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊसमाचार

लखनऊ में दर्दनाक घटना: परिवार के तीन लोगों ने खाया जहर, मां-बेटे की मौत

लखनऊ के बंथरा इलाके में एक परिवार के तीन लोगों ने जहर खा लिया। मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों द्वारा जहर खाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, बंथरा के नींव निवासी रूप नारायण (55), उनकी पत्नी तारावती (52) और बेटा संदीप (30) ने बीती रात जहरीला पदार्थ खा लिया। परिवार का छोटा बेटा कुलदीप (25) उस समय दूसरे कमरे में सो रहा था।

सुबह करीब 4 बजे रूप नारायण की तबीयत बिगड़ने पर मामला सामने आया। उनकी आवाज सुनकर कुलदीप जागा तो देखा कि मां और भाई की मौत हो चुकी है, जबकि पिता की हालत गंभीर थी।

अस्पताल में चल रहा इलाज

गंभीर हालत में रूप नारायण को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सुसाइड नोट भी मिला

मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है कि वे आत्महत्या कर रहे हैं और इसके लिए कोई अन्य व्यक्ति जिम्मेदार नहीं है। हालांकि पुलिस इस नोट की सत्यता की भी जांच कर रही है।

परिवार चलाता था छोटा व्यवसाय

बताया जा रहा है कि परिवार चाय-समोसे का होटल और पान की दुकान चलाकर अपना गुजारा करता था।

पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button