रौब और रफ्तार के पीछे छुपा खौफनाक सच, जानिए कौन है कानपुर लैंबोर्गिनी कांड का आरोपी शिवम मिश्रा
“Kanpur Lamborghini Case में आरोपी शिवम मिश्रा की लग्जरी लाइफ, 50 करोड़ की सुपरकारें और पुराने विवाद सामने आए हैं। हादसे में तीन लोग घायल हुए। जानिए पूरी कहानी।”
कानपुर। रविवार दोपहर भैरोघाट चौराहे पर तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी कार ने एक ऑटो, बुलेट सवार युवकों और फिर बिजली के खंभे को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक उछलकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद बाउंसरों का रौब
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लैंबोर्गिनी के पीछे एक फॉर्च्यूनर गाड़ी चल रही थी, जिसमें शिवम मिश्रा के बाउंसर सवार थे। हादसे के बाद बाउंसरों ने मौके पर जुटी भीड़ को धमकाकर हटाने की कोशिश की। पुलिस ने घायलों और कार सवार शिवम को अस्पताल भेजा।
थाने में हुआ बवाल
जब पुलिस कार को ग्वालटोली थाने ले गई, तो वहां भी शिवम मिश्रा के बाउंसर और परिचित पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने पीड़ितों से अभद्रता की और थाने में हंगामा किया। मामले ने तूल पकड़ने पर एक घायल की तहरीर पर शिवम मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
आयकर छापों से भी रहा है नाता
इंटरनेट मीडिया पर हादसे की खबर फैलते ही शिवम मिश्रा के पुराने विवाद सामने आने लगे।
मार्च 2024 में आयकर विभाग ने उनके पिता केके मिश्रा और परिवार के 20 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच में कर चोरी, बेहिसाब संपत्ति, भारी नकदी और हीरे की घड़ियां बरामद हुई थीं। उस दौरान अधिकारियों पर पिस्टल तानने का आरोप भी लगा था, जिससे मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था।
सुपरकार और महंगी घड़ियों का शौक
शिवम मिश्रा अपनी आलीशान लाइफस्टाइल के लिए जाने जाते हैं। उनके पास रोल्स रॉयस ,लैंबोर्गिनी फेरारी मैकलेरन पोर्श जैसी 50 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की सुपरकारें बताई जा रही हैं। इसके अलावा वह करोड़ों की ब्रांडेड और हीरे जड़ी घड़ियों के शौकीन हैं। यही रईसी और रफ्तार अब उनके लिए मुसीबत बनती नजर आ रही है।




