Breaking NewsE-paperMain Slidesअंतर्राष्ट्रीयनई दिल्लीभारतसमाचार

होर्मुज जलडमरूमध्य में थाई जहाज ‘मयूरी नारी’ पर हमला, तीन नाविक लापता

“होर्मुज जलडमरूमध्य में थाई रजिस्टर्ड मालवाहक जहाज ‘मयूरी नारी’ पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। यूएई से गुजरात के कंडला बंदरगाह जा रहे इस जहाज में आग लग गई। ओमानी नौसेना ने 20 चालक दल को बचा लिया, जबकि तीन नाविक अब भी लापता हैं।”

नई दिल्ली। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच Strait of Hormuz में बुधवार को एक थाई पंजीकृत मालवाहक जहाज ‘मयूरी नारी’ पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हो गया। हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और चालक दल को आपात स्थिति में जहाज छोड़ना पड़ा। इस घटना में तीन नाविक लापता बताए जा रहे हैं, जबकि 20 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

यह जहाज United Arab Emirates के खलीफा बंदरगाह से रवाना होकर Kandla Port, Gujarat की ओर जा रहा था। हमला उस समय हुआ जब जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था। हमले के बाद जहाज से काला धुआं उठता दिखाई दिया और चालक दल ने लाइफ राफ्ट के जरिए जहाज खाली कर दिया

ओमान के पास हुआ हमला

रिपोर्ट के अनुसार यह हमला Oman के उत्तर में लगभग 11 नॉटिकल मील दूरी पर हुआ। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UK Maritime Trade Operations (यूकेएमटीओ) ने भी घटना की पुष्टि करते हुए क्षेत्र में जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

ओमानी नौसेना ने चलाया बचाव अभियान

न्यूज एजेंसी रिपोर्ट के मुताबिक, Royal Thai Navy ने बताया कि जहाज थाई कंपनी प्रेशियस शिपिंग का 178 मीटर लंबा बल्क कैरियर है, जिसका वजन लगभग 30 हजार टन है। आग लगने के बाद जहाज का इंजन रूम क्षतिग्रस्त हो गया और जहाज नियंत्रण खो बैठा।

इसके बाद Oman की नौसेना ने बचाव अभियान चलाया, जिसमें 20 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि तीन नाविक अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।

वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम मार्ग

Strait of Hormuz दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यहां से दुनिया के लगभग एक-पांचवां तेल निर्यात होता है। हाल के दिनों में क्षेत्र में बढ़ते तनाव और जहाजों पर हमलों की घटनाओं के कारण शिपिंग गतिविधियों पर असर पड़ रहा है और कई जहाज इस मार्ग से बचकर जाने लगे हैं।

समुद्री सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि घटना की जांच जारी है और लापता नाविकों की तलाश के साथ जहाज को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button