लखनऊ ग्रीन कॉरिडोर पर धंसी सड़क, लोकार्पण के तुरंत बाद सामने आई खामी
“Green Corridor Lucknow के दूसरे चरण के उद्घाटन के दो दिन बाद ही निशातगंज-हनुमान सेतु मार्ग पर सड़क धंस गई। सीवर लाइन के पास मिट्टी खिसकने से यह घटना हुई। LDA टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई है। यह परियोजना रक्षा मंत्री Rajnath Singh और CM Yogi Adityanath ने 13 मार्च को जनता को समर्पित की थी।”
लखनऊ। पुराने लखनऊ को नए लखनऊ से जोड़ने के लिए बनाई गई ग्रीन कॉरिडोर योजना के दूसरे चरण के उद्घाटन के महज दो दिन बाद ही सड़क धंसने का मामला सामने आया है। रविवार को हनुमान सेतु को निशातगंज पुल से जोड़ने वाली सड़क के बाएं किनारे पर अचानक धंसाव हो गया। गनीमत रही कि उस समय वहां से कोई वाहन तेज गति से नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सड़क धंसने की सूचना मिलते ही लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मरम्मत के लिए टीमों को मौके पर भेजा गया और क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया।
मरम्मत कार्य में लगे कर्मचारियों के अनुसार, सड़क के पास से गुजर रही सीवर लाइन के आसपास की मिट्टी सरक जाने के कारण यह धंसाव हुआ है। फिलहाल गड्ढे को भरकर सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि यातायात जल्द सामान्य किया जा सके।
बताया जा रहा है कि जहां सड़क धंसी है, वही मार्ग संस्कृत संस्थान और रेरा कार्यालय की ओर जाता है।
दरअसल, 13 मार्च को रक्षा मंत्री Rajnath Singh और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने 1,519 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ग्रीन कॉरिडोर योजना के दूसरे चरण का लोकार्पण किया था। साथ ही तीसरे और चौथे चरण के कार्यों का शिलान्यास भी किया गया था।
इससे पहले भी ग्रीन कॉरिडोर के बीरबल साहनी मार्ग के पास कुछ स्थानों पर मिट्टी धंसने की बात सामने आई थी। संकल्प वाटिका के पास उद्घाटन से पहले कॉरिडोर के किनारे मिट्टी धंसी दिखाई दी थी। हालांकि एलडीए अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिए क्रैश बैरियर लगाने के दौरान मिट्टी हटाई गई थी, इसलिए धंसाव की बात को अफवाह बताया गया।
अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया है। उनका कहना है कि वाहन सुरक्षा के लिए लेन के किनारे क्रैश बैरियर लगाए जा रहे हैं, जिनके लिए गहरी खुदाई की जाती है, ताकि किसी हादसे की स्थिति में वाहन नीचे न गिर सके।
फिलहाल एलडीए की टीम सड़क की मरम्मत में जुटी हुई है और जल्द ही यातायात पूरी तरह सुचारु करने का दावा किया जा रहा है।




