सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मांग, सरकार माघ मेला में स्थापित कराए केदारेश्वर मंदिर
“सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रयागराज माघ मेला में केदारेश्वर मंदिर की स्थापना की मांग की। नव वर्ष पर सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने एसआईआर, भर्ती परीक्षा और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।”
लखनऊ | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नव वर्ष के पहले दिन गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की और सभी को नए साल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रयागराज माघ मेला को लेकर सरकार से अहम मांग रखी।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार प्रयागराज के माघ मेले में सपा के केदारेश्वर मंदिर की भी स्थापना कराए। उन्होंने आरोप लगाया कि माघ मेले में सपा संस्थापक नेताजी मुलायम सिंह यादव की मूर्ति नहीं लगाई गई है, जबकि नियमों में बदलाव किया जा रहा है।
उन्होंने कहा,
“अगर अधिकारी नियम बदल रहे हैं तो हम भी भगवान की मूर्ति लगाएंगे। सरकार अगर आयोजन कर रही है तो हमारे केदारेश्वर मंदिर की स्थापना भी वहां होनी चाहिए।”
सपा प्रमुख ने अधिकारियों पर चापलूसी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ अधिकारी यह नहीं समझ पा रहे हैं कि वे किस नियम के तहत काम कर रहे हैं।
इस दौरान अखिलेश यादव ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा और योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान के बाद यह तय हो गया था कि यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
अखिलेश यादव ने कहा,
“जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, वे चुनाव आयोग और अधिकारियों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अगर आंकड़ों में गड़बड़ी हुई तो चुनाव आयोग को अपनी क्रेडिबिलिटी साबित करनी होगी।”
उन्होंने टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को लेकर भी शंका जताई और कहा कि कहीं इसके जरिए किसी तरह की हेराफेरी की तैयारी तो नहीं हो रही।
इसके अलावा सपा अध्यक्ष ने बाटी-चोखा कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पार्टी की संस्कृति और आपसी भाईचारे को दर्शाता है। उन्होंने लखनऊ में भाजपा के ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वे विधायक सरकार के खिलाफ खड़े हो गए तो सरकार का क्या होगा।
अखिलेश यादव ने योगी सरकार से यूपी कांस्टेबल भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण कई युवा ओवरएज हो गए हैं।
नव वर्ष के अवसर पर उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, डॉ. लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव के दिखाए रास्ते पर चलकर देश और समाज को खुशहाली की ओर ले जाने का संकल्प लें।



