संभल में चौंकाने वाली घटना: होलिका दहन की आग में कूदा ग्रामीण, लोगों ने बमुश्किल बचाया
Sambhal Holika Dahan Incident: “उत्तर प्रदेश के संभल जिले के जुनावई क्षेत्र में होलिका दहन के दौरान एक ग्रामीण अचानक जलती आग में कूद गया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे बाहर निकाला। बचाने वाला युवक भी झुलस गया।”
संभल। Holi से पहले होलिका दहन के दौरान Sambhal जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। जुनावई ब्लॉक के नदरोली गांव में एक ग्रामीण अचानक जलती हुई होलिका की आग में कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
अचानक होलिका की लपटों में कूद गया व्यक्ति
जानकारी के अनुसार सिंहपुर गांव निवासी वीरपाल अपने ससुर और साले के साथ होलिका दहन में शामिल होने नदरोली गांव आया था। ग्रामीण जब होलिका की आग में जौ और गन्ना भून रहे थे, तभी वीरपाल पास खड़ा होकर देख रहा था।
इसी दौरान उसने अचानक हाथ जोड़कर प्रार्थना की मुद्रा में खड़े होने के बाद जलती होलिका पर चढ़कर आग की लपटों में छलांग लगा दी। यह देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े।
ग्रामीण ने दिखाई बहादुरी
गांव के नीरेश कुमार ने साहस दिखाते हुए आग की लपटों के बीच जाकर वीरपाल को खींचकर बाहर निकाला। हालांकि इस दौरान नीरेश के हाथ भी झुलस गए।
आग से बाहर आने के बाद वीरपाल जंगल की ओर भाग गया, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसके जले कपड़े हटाकर गांव वापस लाए।
अस्पताल में चल रहा इलाज
गंभीर रूप से झुलसे वीरपाल को तुरंत गुन्नौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। नीरेश कुमार का भी उपचार चल रहा है।
घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं
ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, वीरपाल ने अचानक ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।



