Breaking NewsE-paperMain Slidesनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यसमाचार

मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाया गया, NDA नेता खेमचंद सिंह ने ठोका दावा

“मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटा लिया गया है। गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की। इसके बाद NDA नेता वाई. खेमचंद सिंह ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।”

नई दिल्ली। मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटा लिया गया है। गृह मंत्रालय ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर जानकारी दी कि राज्य में पिछले साल फरवरी से लागू राष्ट्रपति शासन को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।

गृह मंत्रालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, मणिपुर में अब संवैधानिक व्यवस्था बहाल करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। राष्ट्रपति शासन हटने के तुरंत बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

NDA ने राज्यपाल से मिलकर ठोका सरकार गठन का दावा

राष्ट्रपति शासन हटने के बाद एनडीए नेता वाई. खेमचंद सिंह ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से राजभवन में मुलाकात कर राज्य में नई सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया। इस मुलाकात की जानकारी भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने दी।

उन्होंने बताया कि खेमचंद सिंह के नेतृत्व में एनडीए का प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचा था। बैठक के दौरान भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुघ भी मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल में कुकी बहुल इलाकों के विधायक भी शामिल

राजभवन में हुई इस अहम मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में चुराचांदपुर और फेरजॉल जैसे कुकी बहुल जिलों के दो विधायक भी शामिल थे। इसे राजनीतिक संतुलन और शांति बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

हिंसा के बाद लगा था राष्ट्रपति शासन

गौरतलब है कि मणिपुर में गंभीर जातीय हिंसा और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के चलते 13 फरवरी 2025 को राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल वर्ष 2027 तक है। ऐसे में नई सरकार बनने के बाद राज्य में स्थिरता और शांति बहाली की उम्मीद जताई जा रही है।

नई सरकार के सामने बड़ी चुनौती

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि एनडीए की सरकार बनती है, तो उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती राज्य में सामाजिक सौहार्द, सुरक्षा और विस्थापित लोगों की पुनर्वास नीति को लागू करना होगी।

करीब एक साल बाद मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटा लिया गया है। गृह मंत्रालय के फैसले के बाद NDA नेता वाई. खेमचंद सिंह ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। राज्य में नई राजनीतिक शुरुआत की उम्मीद जगी है।

Related Articles

Back to top button