Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशकानपुरनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

कानपुर लैंबोर्गिनी कार हादसा: आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, पुलिस ने कोर्ट में किया पेश

“कानपुर लैंबोर्गिनी कार हादसा मामले में ग्वालटोली स्थित वीआईपी रोड दुर्घटना के आरोपी तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। पुलिस का दावा है कि हादसे के समय वही कार चला रहा था।”

कानपुर नगर। कानपुर लैंबोर्गिनी कार हादसा मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कानपुर से हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है। अब उसे जेल भेजा जाएगा या जमानत मिलेगी, यह अदालत के फैसले पर निर्भर करेगा।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय लैंबोर्गिनी कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी में है, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

क्या है पूरा मामला?

रविवार को ग्वालटोली क्षेत्र के वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी कार ने भैरोंघाट चौराहे के पास पहले एक ऑटो और फिर बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसके बाद कार बिजली के खंभे से जा टकराई।

हादसे में चमनगंज घोसियाना निवासी तौफीक अहमद घायल हो गए, जिनके बाएं पैर में चोट आई। वहीं बुलेट सवार विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी को भी चोटें आईं, हालांकि उनकी हालत सामान्य बताई गई।

घटना के बाद तौफीक अहमद ने कार नंबर के आधार पर ग्वालटोली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।

चालक को लेकर विवाद

घटना के बाद कारोबारी केके मिश्रा और उनके अधिवक्ता धर्मेंद्र सिंह ने दावा किया था कि हादसे के समय कार चालक मोहन चला रहा था।

हालांकि पुलिस जांच में शिवम मिश्रा को ही मुख्य आरोपी मानते हुए मुकदमे में नामजद किया गया।

बताया गया कि घायल तौफीक ने चालक मोहन से समझौते की बात कही थी और आर्थिक क्षतिपूर्ति मिलने की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस ने स्वतंत्र जांच के आधार पर कार्रवाई जारी रखी।

पुलिस की आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीद गवाहों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। मामले में अन्य धाराओं की भी जांच की जा रही है।

यह मामला शहर में हाई-प्रोफाइल परिवार और लग्जरी कार से जुड़े होने के कारण चर्चा में है।

Related Articles

Back to top button