जापान में सीएम योगी का सम्मान, बच्चे ने पैर छूकर किया प्रणाम, पढ़ा शिव मंत्र
“CM Yogi Japan Visit के दौरान यामानाशी में एक जापानी बच्चे ने सीएम योगी आदित्यनाथ के पैर छूकर दंडवत प्रणाम किया और श्लोक पढ़ा। ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक पर यूपी-यामानाशी के बीच समझौता हुआ।”
जापान दौरे के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने यामानाशी पब्लिक स्कूल के छात्रों के साथ समय बिताया। इस दौरान एक जापानी बच्चे ने उनके चरण स्पर्श कर दंडवत प्रणाम किया और शिव मंत्र का उच्चारण किया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बाद में मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट भेंट की और उनसे आत्मीय संवाद किया।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जापान में रह रहे भारतीय मूल के लोगों और बच्चों से भी मुलाकात की।
रोड शो में बोले— यूपी संभावनाओं का प्रदेश
Yamanashi में आयोजित रोड शो कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश 25 करोड़ की आबादी वाला भारत का सबसे बड़ा राज्य है। उन्होंने कहा कि जैसे प्रकृति की कृपा यामानाशी पर है, वैसे ही उत्तर प्रदेश भी उर्वरा भूमि, प्रचुर जल संसाधन और समृद्ध सांस्कृतिक-आध्यात्मिक विरासत से संपन्न है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन में प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में प्रति व्यक्ति आय और अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता पाई है।
ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक पर ऐतिहासिक समझौता
मुख्यमंत्री ने बताया कि यामानाशी के राज्यपाल के आमंत्रण पर ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन तकनीक का अवलोकन किया गया और इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश और यामानाशी के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इस तकनीक से प्रदेश की इंडस्ट्री, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी। साथ ही यह प्रधानमंत्री मोदी के ‘नेट जीरो’ लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाई
मुख्यमंत्री ने 26 फरवरी की तिथि का उल्लेख करते हुए इसे सकारात्मक संकेत बताया और कहा कि भारत और जापान के संबंधों को दोनों क्षेत्र मिलकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
जापान में मिला आत्मीय स्वागत और तकनीकी सहयोग के नए आयाम प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।




