Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

सैकड़ों ब्राह्मण बटुकों के शंखनाद के साथ सवर्ण मोर्चा का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक

UGC Bill Protest Lucknow के तहत सवर्ण मोर्चा ने परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक शांति मार्च निकाला। सैकड़ों ब्राह्मण बटुकों के शंखनाद के बीच प्रदर्शन हुआ। हलवासिया चौराहे पर पुलिस से नोकझोंक, कई कार्यकर्ता हिरासत में। पढ़ें पूरी खबर….

लखनऊ। यूजीसी कानून में बदलाव के विरोध में शनिवार को राजधानी लखनऊ में सवर्ण मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों ब्राह्मण बटुकों के शंखनाद के साथ परिवर्तन चौक से शांति मार्च की शुरुआत हुई। हाथों में तिरंगा और भगवा ध्वज लिए कार्यकर्ता गांधी प्रतिमा, हजरतगंज की ओर बढ़े, लेकिन रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया।

परिवर्तन चौक से शुरू हुआ शांति मार्च

सवर्ण मोर्चा ने परिवर्तन चौक से गांधी प्रतिमा स्थल तक मार्च निकालने का ऐलान किया था। इससे पहले ब्राह्मण बटुकों ने शंखनाद कर प्रदर्शन की शुरुआत की।

प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि यूजीसी का संशोधित कानून वापस लिया जाए, सवर्ण आयोग का गठन किया जाए और आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू किया जाए।

हलवासिया चौराहे पर पुलिस से टकराव

गांधी प्रतिमा, हजरतगंज गांधी प्रतिमा स्थल की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने जगह-जगह बैरियर लगाकर रोका।

परिवर्तन चौक और केडी सिंह बाबू मेट्रो स्टेशन के नीचे लगे बैरियर को पार कर हजारों कार्यकर्ता हलवासिया चौराहे तक पहुंच गए। वहां भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कई कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया।

पूर्व पीसीएस अधिकारी भी हुए शामिल

बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

सवर्ण मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक प्रदीप सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिनव नाथ त्रिपाठी ने कहा कि यूजीसी का कानून सवर्ण समाज के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना जांच के एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जिसकी समीक्षा की जानी चाहिए।

प्रमुख संगठनों की मौजूदगी

प्रदर्शन में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीश सिंह, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष राजेंद्र नाथ त्रिपाठी समेत कई संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे।

प्रशासन की सख्ती, प्रदर्शन जारी

प्रशासन ने साफ किया कि बिना अनुमति जुलूस को गांधी प्रतिमा स्थल तक नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं सवर्ण मोर्चा के पदाधिकारी माल्यार्पण की मांग पर अड़े रहे।

राजधानी में इस प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सवर्ण मोर्चा ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button