लखनऊ के अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में हेल्थ टॉक, विशेषज्ञों ने कहा—योग और सही दिनचर्या से मिलेगी सफलता
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज के सभागार में ‘आधी आबादी को दें बेहतर सेहत का उपहार’ विषय पर स्वास्थ्य परिचर्चा आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पी.एस.आई. इंडिया) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या डॉ. बीना राय ने की।
सभागार में बड़ी संख्या में मौजूद छात्राओं और शिक्षिकाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और गंभीर बीमारियों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य ही सफलता और खुशहाल जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
पी.एस.आई. इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकेश शर्मा ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में देश को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों को साकार करने के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय प्रबंधन, नियमित योग और ध्यान, संतुलित आहार तथा पर्याप्त आराम जीवन में दीर्घकालिक सफलता और खुशहाली के लिए जरूरी हैं।
वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति बाजपेयी ने छात्राओं को ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्ष तक की बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन मुफ्त लगाई जा रही है। समय-समय पर जांच और स्क्रीनिंग से इन गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
इसी क्रम में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिखा श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं को जीवन में कई शारीरिक बदलावों का सामना करना पड़ता है, जैसे मासिक धर्म, गर्भावस्था और मेनोपॉज। इन सभी चरणों के दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए नियमित योग और व्यायाम पर जोर दिया।
एसजीपीजीआई की वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पियाली भट्टाचार्य ने रोचक कहानियों के माध्यम से छात्राओं को जीवन में सफलता के मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि आत्मजागरूकता, सहानुभूति, रचनात्मक सोच और प्रभावी संवाद जीवन में आगे बढ़ने के लिए बेहद जरूरी हैं।
वहीं केजीएमयू के क्वीन मेरी अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता देव ने सोशल मीडिया के आधार पर स्वयं दवा लेने के खतरों से आगाह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी में केवल योग्य चिकित्सक की सलाह से ही दवा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में आकाशवाणी लखनऊ की डायरेक्टर प्रोग्राम्स सुमोना एस. पाण्डेय ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। इसी के आधार पर व्यक्ति जीवन के सभी सुखों का आनंद ले सकता है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या डॉ. बीना राय ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि कार्यक्रम में दी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को अपने जीवन में जरूर अपनाएं।
कार्यक्रम के दौरान खुले सत्र में छात्राओं ने स्वास्थ्य से जुड़े कई सवाल विशेषज्ञों से पूछे, जिनका चिकित्सकों ने विस्तार से जवाब दिया। कार्यक्रम का संचालन सीमा अग्रवाल ने किया, जबकि पीएसआई इंडिया के स्टेट लीड अमित कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर समरेन्द्र बेहरा, दिनेश पाण्डेय, अनिल द्विवेदी, पारुल, प्रवीण दीक्षित, धर्मेन्द्र सिंह और हर्षिता सहित कई लोग उपस्थित रहे।




