ठंड से कांपा पूरा उत्तर भारत, दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन; सारे रिकॉर्ड टूटे
“उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया, जहां आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान, उत्तराखंड और हरियाणा में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है।”
नई दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान लगातार गिरता जा रहा है। रविवार, 11 जनवरी को दिल्ली में इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सर्दी का सबसे निचला स्तर है। वहीं पालम में 3 डिग्री, लोदी रोड में 4.6 डिग्री और सफदरजंग में 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
कंपकंपाती ठंड, अलाव बना सहारा
सुबह और शाम के समय ठंड का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। कड़ाके की सर्दी के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ठंड से बचाव के लिए दिल्ली और आसपास के इलाकों में लोग जगह-जगह अलाव जलाकर राहत लेते नजर आए।
राजस्थान का पिलानी देश का सबसे ठंडा शहर
दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है। रविवार को राजस्थान का पिलानी शहर देश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान का ही सीकर 1.7 डिग्री के साथ दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। इसके अलावा उत्तराखंड के पंतनगर में 1.8 डिग्री, राजस्थान के चूरू में 2.0 डिग्री और हरियाणा के हिसार में 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आगे भी राहत की उम्मीद कम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। शीतलहर और घने कोहरे के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। लोगों को अलर्ट रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



