सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा तेज, शरद पवार बोले- मुझे जानकारी नहीं
Sunetra Pawar Dy CM Maharashtra: “महाराष्ट्र में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम। अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने की खबर। शरद पवार बोले- मुझे कोई जानकारी नहीं।”
मुंबई। Pawar Dy CM Maharashtra को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार के निधन के बाद पार्टी ने अहम फैसला लेते हुए उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्य का डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने का निर्णय लिया है। यदि यह फैसला औपचारिक रूप से लागू होता है, तो सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम होंगी।
मुंबई में सियासी हलचल तेज
सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार शनिवार को डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकती हैं। इस बीच, सुनेत्रा पवार अपने बेटों जय पवार और पार्थ पवार के साथ बारामती से मुंबई पहुंच चुकी हैं। शनिवार दोपहर मुंबई में NCP नेताओं की अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
पार्थ पवार को मिल सकती है राज्यसभा की जिम्मेदारी
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि पार्थ पवार को राज्यसभा भेजा जा सकता है, जहां वह अपनी मां सुनेत्रा पवार की जगह लेंगे। इससे पवार परिवार की सियासी विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिश के संकेत मिल रहे हैं।
शरद पवार का बयान
इस पूरे घटनाक्रम पर NCP-SCP प्रमुख शरद पवार ने कहा,“सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने की मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैंने यह खबर आज अखबार में पढ़ी। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने यह फैसला लिया होगा।”
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि एनसीपी के दोनों गुटों के बीच विलय की प्रक्रिया पहले से चल रही थी, लेकिन अजित पवार के असमय निधन के कारण इसमें रुकावट आ गई।
NCP के विलय की चर्चाएं फिर तेज
स्थानीय निकाय चुनावों के बाद 17 जनवरी 2026 को शरद पवार और अजित पवार की मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है। NCP-SCP नेताओं का दावा है कि यह बैठक दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर आखिरी बातचीत थी।
संवेदना जताने पहुंचे कई नेता
अजित पवार के निधन के बाद शनिवार को कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां शरद पवार के घर संवेदना व्यक्त करने पहुंचीं। इनमें छत्रपति साहू महाराज के पुत्र छत्रपति मालोजी राजे और पुधारी ग्रुप के चेयरमैन पद्मश्री डॉ. प्रतापसिंह जाधव शामिल रहे।


