Breaking NewsE-paperMain Slidesनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यसमाचार

पटना में नीट छात्रा की मौत सिस्टम की गहरी सड़ांध, राहुल गांधी बोले– यह इंसाफ का सवाल

“पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत पर राहुल गांधी का बड़ा बयान। सिस्टम की गहरी सड़ांध का आरोप, पप्पू यादव की गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक प्रतिशोध।”

पटना। बिहार की राजधानी पटना में नीट (NEET) की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सड़क से लेकर संसद तक इसकी गूंज सुनाई दे रही है। अब इस मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पटना में NEET की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो भाजपा-NDA मॉडल के तहत केस को भटकाने, परिजनों को प्रताड़ित करने और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण देने की कोशिश की गई।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी का आरोप

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर खड़े सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी साफ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है। इसका मकसद जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराना और दबाना है।

उन्होंने कहा कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक खतरनाक पैटर्न और भयावह साजिश की ओर इशारा करती है, जिसमें लगातार बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता आंखें मूंदे बैठी है। “यह राजनीति नहीं, इंसाफ का सवाल है। यह बिहार की बेटी की इज्जत और सुरक्षा का सवाल है।” – राहुल गांधी

प्रियंका गांधी ने भी सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि पटना के हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला बेहद झकझोर देने वाला है। FIR, जांच और कार्रवाई—सब कुछ संदिग्ध बना दिया गया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है। हाथरस, उन्नाव, अंकिता भंडारी से लेकर पटना तक, जहां भी महिलाओं पर अत्याचार होता है, वहां भाजपा की सरकारें आरोपियों के साथ खड़ी नजर आती हैं।

NEET छात्रा मौत मामला क्या है?

जानकारी के मुताबिक, जहानाबाद की रहने वाली छात्रा पटना के एक हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी। 11 जनवरी 2026 को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बढ़ते दबाव और विरोध को देखते हुए राज्य सरकार ने मामला CBI को सौंप दिया है।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी

इसी बीच पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी 31 साल पुराने मामले में कोर्ट के आदेश के बाद की गई। शनिवार को उन्हें पटना के MP-MLA कोर्ट में पेश किया गया। साथ ही सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक और FIR दर्ज की गई है।

Related Articles

Back to top button