Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

लखनऊ में उत्तर प्रदेश मुख्य सचिव की बड़ी समीक्षा बैठक, ‘स्पेशल क्लोज’ शिकायतों पर मांगा जवाब

“उत्तर प्रदेश मुख्य सचिव समीक्षा बैठक लखनऊ में एसपी गोयल ने जनसुनवाई पोर्टल, CM युवा योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और PM सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारियों को 30 मार्च तक लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।”

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में जनसुनवाई, सीएम युवा योजना, लखपति दीदी कार्यक्रम, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जनसुनवाई पोर्टल पर सख्त निर्देश

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी कार्यालयों में प्राप्त सभी शिकायतों को अनिवार्य रूप से जनसुनवाई पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी निर्धारित समय पर जनसुनवाई में बैठें और अधीनस्थों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करें। शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को उच्च स्तरीय कार्यालयों का रुख न करना पड़े।

चित्रकूट, ललितपुर, महाराजगंज, बस्ती, जौनपुर, बांदा, बरेली, शाहजहांपुर, प्रतापगढ़ और जालौन जिलों में सर्वाधिक शिकायतें “स्पेशल क्लोज” किए जाने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि केवल पात्र शिकायतें ही इस श्रेणी में बंद की जाएं। अनावश्यक रूप से स्पेशल क्लोज करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इसकी सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।

सीएम युवा योजना: 30 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

सीएम युवा योजना की समीक्षा में बताया गया कि डेढ़ लाख के लक्ष्य के सापेक्ष 35 हजार आवेदन शेष हैं, जबकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में लगभग एक माह बचा है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि 20 फरवरी को सभी जनपदों में वृहद ऋण वितरण शिविर लगाए जाएं और 30 मार्च तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।

ऋण वितरण में आजमगढ़ (140%), जौनपुर (137%), हरदोई (102%), अंबेडकर नगर (99%), झांसी (98%), कौशांबी (91%), बहराइच (89%) तथा बलिया, लखीमपुर खीरी और रायबरेली (87%) ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों को बधाई दी गई।

लखपति दीदी कार्यक्रम: डेटा की शुद्धता पर जोर

लखपति दीदी कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान ब्लॉक और जनपद स्तर की समितियों की नियमित बैठक सुनिश्चित करने को कहा गया। डिजिटल आजीविका रजिस्टर में आय संबंधी डेटा की समय पर प्रविष्टि और शुद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत फरवरी के पहले 15 दिनों में 4,75,199 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। 12 फरवरी को एक दिन में 60 हजार कार्ड बनाकर रिकॉर्ड दर्ज किया गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि निष्क्रिय यूजर्स को सक्रिय कर प्रत्येक आईडी से प्रतिदिन कम से कम एक कार्ड बनाया जाए।

पीएम सूर्यघर योजना: सोलर इंस्टॉलेशन में तेजी लाने के निर्देश

पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,000 सोलर इंस्टॉलेशन हो रहे हैं। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि देश में प्रथम स्थान पाने के लिए गति और बढ़ाई जाए। सभी मंडलायुक्त व जिलाधिकारी कार्यालयों और सरकारी भवनों को सोलराइज करने पर जोर दिया गया।

बैठक में अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद, अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण एल. वेंकटेश्वर लू, प्रमुख सचिव श्रम एमकेएस सुंदरम, सचिव एमएसएमई प्रांजल यादव, सचिव मुख्यमंत्री सूर्यपाल गंगवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button