Breaking Newsउत्तर प्रदेशभारतराज्यलखनऊसमाचार

यूपी में बड़ी वारदात: एटा में एक ही परिवार के चार लोगों की दिनदहाड़े निर्मम हत्या

यूपी में बड़ी वारदात। एटा जिले के नगला प्रेमी गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस CCTV के जरिए जांच में जुटी है।

एटा।यूपी में बड़ी वारदात सामने आई है। उत्तर प्रदेश के एटा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नगला प्रेमी गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई। इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में गंगा सिंह, उनकी पत्नी श्यामा देवी, पुत्रवधू रत्ना सिंह और नातिन ज्योति शामिल हैं। चारों के शव खून से लथपथ हालत में घर के भीतर मिले। हत्या के बाद आरोपी घर को बाहर से बंद कर पंखा चालू कर फरार हो गए।

घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब गंगा सिंह का नाती देवांश सोमवार दोपहर करीब दो बजे स्कूल से घर लौटा। उसने घर में आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंदर जाकर देखा तो नीचे गंगा सिंह का शव पड़ा था, जबकि ऊपरी मंजिल पर बाकी तीनों के शव खून से सने हुए थे। यह दृश्य देखकर देवांश चीख पड़ा, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय श्यामा देवी की सांस चल रही थी, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चारों पर पहले किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, इसके बाद धारदार हथियार से वार किए गए। मौके से ब्लेड के टुकड़े भी बरामद हुए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की। एएसपी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हत्या के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

फिलहाल, हत्या के कारण और आरोपियों को लेकर कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है, लेकिन पुलिस की कई टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button