Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप: इटावा में शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को दिए सख्त निर्देश

“समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने SIR प्रक्रिया में BLO द्वारा तीन साक्ष्य मांगने को नियम विरुद्ध बताया। इटावा दौरे में उन्होंने कार्यकर्ताओं से वीडियो बनाकर शिकायत करने की अपील की”

इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मतदाता सूची संशोधन (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। रविवार को इटावा जिले के गंगापुरा गांव पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने सपा नेताओं, प्रधानों और बूथ अध्यक्षों से संवाद करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के लिए एक वैध साक्ष्य ही पर्याप्त होता है

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई बीएलओ (BLO) मतदाताओं से तीन-तीन साक्ष्य मांगता है तो यह नियमों का उल्लंघन है। ऐसी स्थिति में संबंधित BLO का वीडियो बनाकर शिकायत दर्ज कराई जाए, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री रामसेवक यादव के आवास पर आयोजित बैठक में शिवपाल यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष और पारदर्शी मतदाता सूची से ही संभव है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर वोटर लिस्ट की बारीकी से जांच करें और किसी भी गड़बड़ी की जानकारी तुरंत पार्टी नेतृत्व को दें।

बैठक में छात्र नेता मंजीत यादव ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं और BLO द्वारा अनावश्यक रूप से तीन साक्ष्य मांगे जा रहे हैं, जबकि नियमों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। इस पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इस तरह की मनमानी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शिवपाल सिंह यादव सुबह करीब नौ बजे सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य के साथ गंगापुरा पहुंचे थे। उन्होंने चुनावी तैयारियों के साथ-साथ भूमि विकास बैंक चुनाव को लेकर भी कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श किया। ग्राम प्रधान अरविंद यादव फेरू ने जरूरतमंद लोगों की मदद करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button