Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशगोरखपुरराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

गोरखपुर में मासूम की मौत पर योगी का अखिलेश पर हमला, बोले- सपाई कुत्ते की पूंछ जैसे, सीधे नहीं हो सकते

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हुई थी। इस घटना को लेकर भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

गोरखपुर। गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुई किशोर की मौत को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपाई कुत्ते की पूंछ की तरह हैं, जो कभी सीधे नहीं हो सकते। योगी ने सपा की कार्यशैली और राजनीतिक व्यवहार पर सवाल उठाए।

दरअसल, 18 नवंबर को अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा गोरखपुर पहुंची थी। इस दौरान कूड़ाघाट इलाके में रोड शो में शामिल बैकहो लोडर (JCB) की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन भी किया।

अखिलेश यादव पर भी उठे सवाल

इस घटना को लेकर भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। भाजपा ने आरोप लगाया कि रोड शो के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। वहीं, मृतक के पिता ने जेसीबी चालक और रोड शो के आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दूसरी ओर, अखिलेश यादव ने घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

ओमप्रकाश राजभर ने भी साधा निशाना

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि रोड शो में शामिल जेसीबी की वजह से मासूम की जान गई। राजभर ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने घटना पर संवेदना व्यक्त नहीं की।

परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।

इस हादसे के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। वहीं, एक किशोर की मौत ने राजनीतिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button