CM योगी का बड़ा बयान: उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच, बोले- देश की सुरक्षा में उनका अहम योगदान
उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच का प्रतीक है। लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव 2026 के दौरान CM योगी आदित्यनाथ ने देवभूमि के लोगों के देश की सुरक्षा और संस्कृति में योगदान को सराहा।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लोगों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच का प्रतीक है। उत्तराखंड के लोगों ने देश की रक्षा, संस्कृति और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहां के नौजवान सीमाओं पर तैनात होकर देश की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हैं। उनके लिए यह मायने नहीं रखता कि उन्हें उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश या राजस्थान की सीमा पर तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद बल्लभ पंत उपवन में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव-2026 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, सैनिकों के योगदान और उत्तर प्रदेश के साथ देवभूमि के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया।
उत्तराखंडवासियों के योगदान को भूलना दुर्भाग्यपूर्ण: योगी
सीएम योगी ने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं, वही देवभूमि के लोगों के प्रति जहर उगलने का काम करते हैं। उत्तराखंड के लोगों पर उंगली उठाने वाले देश की रक्षा में उनके योगदान को भूल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लगभग हर परिवार में सेना के प्रति समर्पण और देशसेवा का भाव देखने को मिलता है। इस प्रदेश ने देश को अनेक वीर सैनिक और महत्वपूर्ण सुरक्षा अधिकारी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत, वर्तमान CDS जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल का भी उल्लेख किया।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का ऐतिहासिक रिश्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का रिश्ता केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक भी है। उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत भी उत्तराखंड से जुड़े थे। मां गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और रामगंगा जैसी नदियों का उद्गम भी उत्तराखंड से संबंधित है।
उन्होंने कहा कि ऐसे में उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। दोनों प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाए रखना जरूरी है।
जाति और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने वालों से रहें सावधान
सीएम योगी ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत सभी को जोड़ने का काम करती है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और कैंची धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी तरह उत्तर प्रदेश के अयोध्या, काशी, मथुरा, वृंदावन, प्रयागराज, विंध्यवासिनी धाम और नैमिषारण्य भी हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं।
78 वर्षों से लखनऊ में उत्तराखंड की संस्कृति को संजो रहा महापरिषद
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड महापरिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था पिछले 78 वर्षों से लखनऊ में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों और खानपान को संरक्षित करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड महोत्सव में अवध और देवभूमि की संस्कृति का सुंदर संगम दिखाई देता है। ऐसे आयोजन अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की परंपराओं और विरासत से परिचित कराने का माध्यम बनते हैं।
मड़वा, झंगोरा और चौलाई जैसे व्यंजनों की ब्रांडिंग पर जोर
सीएम योगी ने उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान को नई पहचान दिलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मड़वा, झंगोरा, चौलाई और कुल्थ की दाल जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थ पोषण और औषधीय गुणों से भरपूर हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के बाद अब वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन यानी एक जिला एक व्यंजन अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों और पारंपरिक खानपान को पहचान दिलाने के साथ उनके प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है।
दो विभूतियों को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान
उत्तराखंड महोत्सव-2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड की दो प्रमुख विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया। इनमें पद्मश्री सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और लोक गायिका बीना तिवारी शामिल रहीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखंड दर्पण-2026’ स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और सभी क्षेत्रों का विकास ही देश को आगे बढ़ाने का आधार है।




