व्हाइट हाउस में ट्रंप ने भारतीय समुदाय संग मनाई दिवाली, तोहफे में मिली हनुमान चालीसा
डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में भारतीय समुदाय के साथ दिवाली मनाई। भारतीय उद्यमी विशाल गोंडल ने ओवल ऑफिस में अमेरिकी राष्ट्रपति को हनुमान चालीसा भेंट की और भारत-अमेरिका दोस्ती के लिए प्रार्थना की।
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में भारतीय समुदाय के साथ दिवाली का त्योहार मनाया। इस अवसर पर पारंपरिक तरीके से दीये जलाए गए और भारतीय संस्कृति तथा त्योहार की परंपराओं का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय हेल्थ-टेक कंपनी GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की। इस मुलाकात की तस्वीरें और जानकारी सामने आने के बाद यह आयोजन चर्चा में आ गया है।
ओवल ऑफिस में ट्रंप को भेंट की हनुमान चालीसा
दिवाली समारोह के दौरान विशाल गोंडल ने ओवल ऑफिस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने उन्हें हनुमान चालीसा की प्रति उपहार स्वरूप दी। गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए इसे साझा उल्लास और सम्मान का पल बताया।
उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा भगवान हनुमान को समर्पित गोस्वामी तुलसीदास की प्रसिद्ध स्तुति है। लाखों लोग इसे साहस, भक्ति और शक्ति की कामना के साथ पढ़ते हैं। गोंडल ने राष्ट्रपति को यह धार्मिक ग्रंथ भेंट करने पर गर्व जताया।
भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती के लिए की प्रार्थना
विशाल गोंडल ने बताया कि समारोह में दीये जलाने के दौरान उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती तथा संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रार्थना की। उन्होंने दीपावली के संदेश का उल्लेख करते हुए अंधकार पर प्रकाश की जीत और दुनिया में शांति की कामना की।
गोंडल ने अपने संदेश में पारंपरिक भारतीय आशीर्वाद ‘जुग-जुग जियो’ का भी जिक्र किया। उन्होंने इसका अर्थ समझाते हुए कहा कि यह लंबे जीवन, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना का प्रतीक है। उन्होंने दुनिया भर के लोगों के लिए भी इन्हीं शुभकामनाओं को दोहराया।
समारोह में विकास खन्ना समेत कई हस्तियां रहीं मौजूद
व्हाइट हाउस में आयोजित दिवाली कार्यक्रम में भारतीय मूल की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। इनमें हेल्थ-टेक उद्यमी विशाल गोंडल, मिशेलिन-स्टार शेफ विकास खन्ना और कनाडा की पूर्व सांसद रूबी ढल्ला का नाम शामिल है। भारतीय समुदाय के लोगों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्ज्वलन किया गया।
2003 में शुरू हुई थी व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा
व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा की शुरुआत वर्ष 2003 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल में हुई थी। शुरुआती वर्षों में ये आयोजन मुख्य रूप से आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में होते थे, जिनमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रतिनिधि और भारतीय राजनयिक शामिल होते थे।
वर्ष 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दीया जलाया था। इसके बाद से व्हाइट हाउस में दिवाली के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलन और भारतीय समुदाय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा आगे बढ़ती रही है। अलग-अलग वर्षों में ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम सहित व्हाइट हाउस के विभिन्न स्थानों पर भी दिवाली समारोह आयोजित किए गए हैं।




