यूपी PET परीक्षा: पहली पाली खत्म, दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से; 60 जिलों में 12 लाख अभ्यर्थी शामिल

UP PET Exam 2026: यूपी के 60 जिलों में 1,300 केंद्रों पर PET परीक्षा आयोजित हो रही है। पहली पाली समाप्त, दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। करीब 12 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (UP PET 2026) शुक्रवार को प्रदेश के 60 जिलों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा के लिए करीब 1,300 केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 12 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रदेश के कई जिलों में बेमौसम बारिश के कारण अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दो पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित पीईटी परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद अब दूसरी पाली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की तैयारियां जारी हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रवेश प्रक्रिया और अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
आगरा में 49 केंद्रों पर परीक्षा
आगरा में परीक्षा के लिए 49 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 45,552 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। दोनों पालियों में 22,776-22,776 परीक्षार्थियों के शामिल होने की व्यवस्था है। अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
परीक्षा के मद्देनजर आगरा परिक्षेत्र को 165 और मथुरा को 93 बसें आवंटित की गई हैं, ताकि अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानी न हो। परीक्षा के कारण शहर में भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों को आवश्यक होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेट तैनात
आगरा में परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 49 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। प्रश्नपत्रों को कोषागार में डबल लॉक के भीतर सुरक्षित रखा गया। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंचाने के लिए भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय और हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस, यातायात, परिवहन, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने के लिए कहा गया है।
बारिश और त्योहार से बढ़ी चुनौती
प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश के कारण परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। वहीं, त्योहार के चलते पहले से ही सड़कों पर भीड़ रहने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रशासन की प्राथमिकता परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। अब अभ्यर्थियों की नजर दूसरी पाली की परीक्षा पर है, जो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।


