अमित शाह का दावा- यूपी में बीजेपी अंगद का पैर, कोई नहीं हिला सकता

लखनऊ में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह ने दावा किया कि यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की स्थिति अंगद के पैर जैसी मजबूत है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अर्जुन की तरह मछली की आंख पर निशाना साधें और लगातार तीसरी बार प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करें।
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में अमित शाह ने संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में 2,500 से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई।
जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बताया तीन राहु
अमित शाह ने अपने संबोधन में जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को देश की राजनीति के लिए तीन राहु बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता भी सबसे पहले कार्यकर्ता हैं और संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही बढ़ती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच सक्रिय रहने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
2014 और 2017 की जीत का किया जिक्र
शाह ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी के चुनावी सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में पार्टी ने प्रदेश में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीटें जीती थीं। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि बीजेपी ने करीब 40 प्रतिशत वोट के साथ 312 सीटों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने इन सफलताओं का श्रेय संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया।
राम मंदिर और अयोध्या का मुद्दा उठाया
अमित शाह ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गई थीं, जबकि बीजेपी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा किया। शाह ने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं।
राहुल गांधी और विपक्ष पर भी साधा निशाना
शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आलोचनाओं से बीजेपी ने प्रेरणा ली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने लगातार चुनावी सफलताएं हासिल कीं। शाह ने एनडीए की विभिन्न राज्यों में सरकारों का उल्लेख करते हुए इसे पार्टी की राजनीतिक उपलब्धि बताया।
कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की नसीहत
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच सक्रिय रहने और विपक्ष के कथित दुष्प्रचार का जवाब देने की अपील की। वहीं, बीजेपी सांसद रवि किशन ने अमित शाह को राजनीति का चाणक्य बताते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
बैठक के समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संबोधित किए जाने का कार्यक्रम बताया गया। इस बैठक को उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




