Breaking NewsE-paperMain Slidesनई दिल्लीभारतराजनीतिसमाचार

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल: नितिन नवीन बोले- निराशा से निकला भारत, दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बना

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ का एलान किया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में जनसेवा, विकास और पीएम मोदी की राजनीतिक यात्रा को रेखांकित किया जाएगा।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का एलान किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत निराशा और अंधेरे के दौर से निकलकर दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होंगे। उनकी यह यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ शुरू हुई थी। इसके बाद करीब 13 वर्ष तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के बाद मोदी 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने।

‘पॉलिसी पैरालिसिस से बाहर आया भारत’

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि जब नरेन्द्र मोदी ने देश की कमान संभाली, उस समय भारत ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ से जूझ रहा था और देश की अर्थव्यवस्था को ‘फ्रैजाइल फाइव’ में गिना जाता था। उनके मुताबिक, आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत की पहचान और प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद देश के युवाओं में निराशा की जगह उम्मीद और आशावाद का माहौल बना है।

स्टार्टअप और रोजगार पर जोर

बीजेपी अध्यक्ष ने भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप केंद्रों में शामिल हो गया है और युवा अब केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।

उन्होंने खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं।

महिला नेतृत्व वाले विकास का किया जिक्र

नितिन नवीन ने महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं और पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से शुरू हुआ सफर लखपति दीदी जैसे कार्यक्रमों तक पहुंचा है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं की नीति निर्माण में भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को विकास की प्रक्रिया में नेतृत्वकारी भूमिका देने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

बॉर्डर के गांवों को ‘पहला गांव’ कहने का जिक्र

बीजेपी अध्यक्ष ने सीमा से लगे गांवों को लेकर सरकार की सोच में बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले सीमावर्ती गांवों को देश का ‘आखिरी गांव’ कहा जाता था, लेकिन अब उन्हें ‘पहला गांव’ कहा जाने लगा है।

नितिन नवीन के मुताबिक, इससे इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के प्रति सोच में बदलाव आया है और विकास को लेकर उनका नजरिया भी बदला है।

गुजरात मॉडल से सांस्कृतिक विरासत तक

नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी विकास यात्रा गुजरात से शुरू हुई। उन्होंने नर्मदा परियोजना और वाइब्रेंट गुजरात पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि गुजरात को विकास और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम हुआ।

उन्होंने दावा किया कि गुजरात का विकास मॉडल दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण बना है।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार में विकास केवल भौतिक बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देश की सांस्कृतिक पहचान और विरासत पर भी ध्यान दिया गया। उन्होंने राम मंदिर और काशी विश्वनाथ का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और विकसित करने की दिशा में काम किया है।

‘प्रधान सेवक’ के रूप में 25 साल की यात्रा

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर को एक सामान्य पार्टी कार्यकर्ता से देश के ‘प्रधान सेवक’ तक की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि यह सफर विजन, संकल्प और लगातार प्रयासों से आगे बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को जनसेवा और समर्पण के संदेश के रूप में जनता तक पहुंचाएगी।

17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

बीजेपी का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन होता है और बीजेपी इसे ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाती है।

नितिन नवीन ने बताया कि अभियान की शुरुआत रक्तदान शिविरों से की जाएगी। 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित होगा। वहीं 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

फोटो और डिजिटल प्रदर्शनी भी लगेगी

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को अभियान का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। राज्यों में कार्यक्रमों के समन्वय के लिए सात सदस्यीय टीमें बनाई जाएंगी। इनमें एक मंत्री, एक संगठन महामंत्री और पांच वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन से जुड़ी फोटो और डिजिटल प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनमें उनके शासन, विकास पहलों और कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके अलावा सुशासन, विकास और अंत्योदय पर सेमिनार तथा बौद्धिक संवाद आयोजित किए जाएंगे। युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम भी होंगे। केंद्र और राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष जागरूकता शिविर लगाने की भी योजना है।

गरीबी और कोविड राहत का भी जिक्र

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में करीब 25 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का दावा किया। उन्होंने कोविड महामारी के दौरान मुफ्त दवाओं और राशन उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को जनसेवा, विकास और अंत्योदय के लिए किए गए प्रयासों के तौर पर देखा जाना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button