गोरखपुर जनता दर्शन: CM योगी ने खुद जाकर सुनी समस्याएं, इलाज और न्याय का दिया भरोसा
योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। जमीन कब्जा और इलाज मामलों पर सख्ती दिखाई।
गोरखपुर/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री खुद महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम ने स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक तरीके से किया जाए।
जमीन कब्जा और अपराध पर सख्ती
जमीन कब्जा और अपराध से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी दबंग द्वारा गरीबों की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि गरीबों की संपत्ति पर उनका ही अधिकार सुनिश्चित किया जाए।
पारिवारिक विवाद में पहले संवाद
जनता दर्शन में आए पारिवारिक विवाद के मामलों में सीएम ने पहले आपसी संवाद कराने और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इलाज के लिए मदद का आश्वासन
कार्यक्रम में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा और जरूरतमंदों को जल्द सहायता दी जाएगी।
बच्चों को दुलार, चॉकलेट देकर आशीर्वाद
जनता दर्शन में आई महिलाओं और बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। बच्चों को दुलारते हुए उन्हें चॉकलेट दी और आशीर्वाद दिया।
पूजा और गोसेवा भी दिनचर्या का हिस्सा
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद गोशाला पहुंचकर गोवंश को गुड़ खिलाया।



