निवेश मित्र-3.0 से यूपी में निवेश को मिलेगा बूस्ट, 24 मार्च को लॉन्च करेंगे CM योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 मार्च को निवेश मित्र-3.0 पोर्टल लॉन्च करेंगे। लखनऊ में हुई बैठक में स्टार्टअप, उद्योग और निवेश परियोजनाओं को गति देने पर जोर दिया गया।
उत्तर प्रदेश में निवेश को नई रफ्तार देने के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath 24 मार्च को ‘निवेश मित्र-3.0’ पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इस पोर्टल के जरिए निवेश प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उच्चस्तरीय बैठक में बनी रणनीति
शुक्रवार को इन्वेस्ट यूपी कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय संचालन समिति की बैठक में निवेश को बढ़ावा देने और लंबित परियोजनाओं को गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) दीपक कुमार ने की।
बैठक में ‘निवेश मित्र-3.0’ पोर्टल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
108 उद्यमी मित्रों का कार्यकाल बढ़ा
बैठक में 108 उद्यमी मित्रों का कार्यकाल मई 2026 तक बढ़ाने को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। इसके साथ ही 24 नए उद्यमी मित्रों की नियुक्ति को भी हरी झंडी दी गई है।
इनमें मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और नई दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों में स्थापित होने वाले सैटेलाइट इन्वेस्टमेंट प्रमोशन ऑफिस के लिए 10 पद शामिल हैं।
निवेश परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश
आईआईडीसी दीपक कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि निवेश परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक बाधाओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
स्टार्टअप और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
सरकार ने राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल (EDC) की स्थापना पर भी जोर दिया है। इस पहल के माध्यम से एक हजार से अधिक उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की योजना है।
निवेश परियोजनाओं की बाधाएं दूर करने पर फोकस
बैठक में उच्च मूल्य की निवेश परियोजनाओं से जुड़े 10 से अधिक मुद्दों पर विचार किया गया। भूमि उपयोग, स्वीकृतियों और अवसंरचना से संबंधित समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा हुई।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में राजस्व विभाग की प्रमुख सचिव अपर्णा यू, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




