Breaking NewsE-paperउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊसमाचार

सुषमा खर्कवाल का औचक निरीक्षण, नवरात्रि से पहले सफाई व्यवस्था पर सख्ती

“लखनऊ में नवरात्रि 2026 से पहले महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मंदिरों, चौराहों और नालों की सफाई पर विशेष जोर।”

लखनऊ नवरात्रि पर्व के मद्देनजर राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल ने गुरुवार सुबह नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिरों, प्रमुख चौराहों, नालों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण की शुरुआत बर्लिंग्टन चौराहे से हुई, जहां महापौर ने सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए त्योहार के दौरान नियमित कूड़ा उठान और सुबह की सफाई को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं और आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो।

इसके बाद टीम ने बारा बिरवा स्थित ज्वाला जी मंदिर का निरीक्षण किया। यहां महापौर ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए, जिससे दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।

बंगला बाजार स्थित चंद्रिका देवी मंदिर में भी महापौर ने दर्शन किए और श्रद्धालुओं से बातचीत कर सफाई व्यवस्था पर फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर में स्वच्छता, पेयजल और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था मजबूत रखी जाए।

भद्रुक क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान नालियों की सफाई और रोड स्वीपिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या न उत्पन्न हो। वहीं त्यागी विहार क्षेत्र में नाले की निकासी व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि राजधानी में त्योहार का माहौल साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित बना रहे।

Related Articles

Back to top button