कफ सीरप तस्करी गिरोह के सरगना शुभम के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
“कफ सीरप तस्करी गिरोह के सरगना शुभम के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी। वाराणसी पुलिस ने कोडीनयुक्त कफ सीरप मामले में फरार शुभम जायसवाल को 30 मार्च तक पेश होने का आदेश दिलाया। पेश न होने पर भगोड़ा घोषित कर दुबई से प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू होगी। “
वाराणसी। कोडीनयुक्त कफ सीरप तस्करी मामले में फरार चल रहे गिरोह के सरगना शुभम जायसवाल के खिलाफ पुलिस ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। वाराणसी पुलिस ने पीडी फार्मा प्रकरण में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शुभम वर्तमान में दुबई में छिपा हुआ है।
अदालत ने उसे 30 मार्च तक न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। तय तिथि तक पेश न होने की स्थिति में पुलिस उसे भगोड़ा घोषित कराने के लिए परिवाद दाखिल करेगी, जिससे दुबई से प्रत्यर्पण (एक्सट्राडिशन) की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
500 पेटी कफ सीरप बरामदगी से खुला था राज
एक दिन पूर्व रोहनिया क्षेत्र के भदवर स्थित एक जिम के तहखाने से 500 पेटी कोडीनयुक्त कफ सीरप बरामद हुई थी। इसी मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने शुभम की भूमिका को मुख्य साजिशकर्ता के रूप में चिन्हित किया।
औषधि निरीक्षक जुनाब अली ने 18 दिसंबर को पीडी फार्मा के मालिक विष्णुकांत पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसमें कई शहरों के लोगों की संलिप्तता सामने आई।
कई आरोपित गिरफ्तार, चार्जशीट की तैयारी
पुलिस जांच में शुभम जायसवाल, उसके पिता भोला प्रसाद, वाराणसी के लोकेश अग्रवाल, प्रतीक गुजराती, प्रयागराज के सुरेश चंद्र गुप्ता, फैजुर रहमान, मोहम्मद सैफ, सत्येंद्र कुमार साहू और कानपुर के विनोद अग्रवाल की भूमिका सामने आई थी। शुभम को छोड़कर शेष सभी आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस अब इस मामले में शीघ्र ही चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
कोतवाली थाने के मामले में भी पेशी का आदेश
कोतवाली थाने में दर्ज एक अन्य प्रकरण में भी अदालत ने शुभम को 30 मार्च तक पेश होने का निर्देश दिया है। एसीपी विजय प्रताप ने बताया कि कोर्ट की उद्घोषणा शुभम के प्रह्लादघाट स्थित आवास तथा सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर दी गई है।
निर्धारित समय सीमा में उपस्थित न होने पर उसे विधिवत भगोड़ा घोषित कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी कार्रवाई करते हुए दुबई से उसके प्रत्यर्पण की पहल की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से कोडीनयुक्त कफ सीरप की तस्करी युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




