मायावती ने यूपी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का किया एलान
UP Politics में बड़ा एलान— “बसपा सुप्रीमो मायावती ने लखनऊ में कहा कि पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। गठबंधन की खबरों को फेक बताया और 1995 गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए सुरक्षा कारणों से टाइप-8 बंगला स्वीकार करने की बात कही।”
लखनऊ। UP Politics में बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी।
राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मायावती ने कहा कि बसपा किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और 2007 की तरह पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी।
गठबंधन की खबरें फेक
मायावती ने स्पष्ट किया कि बसपा के गठबंधन में चुनाव लड़ने की खबरें पूरी तरह फेक और मनगढ़ंत हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और भाजपा जैसी पार्टियों की सोच संकीर्ण और अंबेडकर विरोधी है।
गेस्ट हाउस कांड का जिक्र
अपने बयान में उन्होंने 2 जून 1995 को हुए लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय उन पर जानलेवा हमला हुआ था। इसके बाद से उनकी सुरक्षा को लेकर खतरा कम नहीं हुआ, बल्कि बढ़ा है।
इसी संदर्भ में उन्होंने बताया कि सुरक्षा कारणों से उन्हें दिल्ली में टाइप-8 बंगला आवंटित किया गया है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
अंबेडकरवादी एकजुट हों
बसपा प्रमुख ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए देशभर के अंबेडकरवादियों को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से “हाथी की मस्त चाल” चलते हुए चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।




