कोडिन कफ सिरप केस: वाराणसी से अमित यादव गिरफ्तार, STF की बड़ी कार्रवाई
“कोडिन कफ सिरप केस में यूपी STF ने वाराणसी से अमित यादव को गिरफ्तार किया। विधानसभा सत्र 2025 में CM योगी आदित्यनाथ ने आरोपी की तस्वीर अखिलेश यादव के साथ दिखाते हुए सपा पर निशाना साधा था। जानें पूरा मामला, नेटवर्क और जांच की ताजा स्थिति।”
वाराणसी/लखनऊ। कोडिन कफ सिरप केस में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित यादव को वाराणसी के हरहुआ इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। STF देर शाम उसे वाराणसी पुलिस लाइन लाई और पूछताछ के बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गई।
अमित यादव का नाम पहले से दर्ज मुकदमे में सामने आया था। उसके खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में केस दर्ज है। STF की विवेचना में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों—विभोर राणा, विशाल सिंह, अमित कुमार सिंह उर्फ टाटा और आलोक कुमार सिंह—से पूछताछ के दौरान अमित यादव की भूमिका सामने आई थी।
विधानसभा में उठा था मामला
दिसंबर 2025 में विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले को सदन में उठाया था। उन्होंने आरोपी अमित यादव की तस्वीर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ दिखाते हुए समाजवादी पार्टी पर सिंडिकेट से जुड़े होने का आरोप लगाया था। इसके बाद से अमित यादव फरार चल रहा था।
क्या है पूरा नेटवर्क?
एसटीएफ के प्रेस नोट के अनुसार फेन्सेडिल कफ सिरप और कोडीन युक्त अन्य दवाओं का अवैध भंडारण कर इन्हें नशे के रूप में प्रयोग के लिए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी।
इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त जांच समिति बनाई गई थी। जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध फेन्सेडिल कफ सिरप बरामद किया गया और लखनऊ में मुकदमा दर्ज हुआ।
मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल अब भी फरार बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पर विचार हो रहा है। गृह मंत्रालय भी इस केस में लगातार संपर्क में है।
अमित यादव का प्रोफाइल
अमित यादव वाराणसी के हरिशचंद्र स्नातकोत्तर कॉलेज में छात्र संघ अध्यक्ष रह चुका है। वह समाजवादी पार्टी की युवजन सभा का प्रदेश सचिव भी रह चुका है। कॉलेज चुनाव के दौरान ही उसका संपर्क मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल से हुआ था।
बताया जा रहा है कि शुभम के पिता भोला जायसवाल शैली ट्रेडर्स नामक फर्म के जरिए एक कंपनी की कोडीन फेन्सेडिल कफ सिरप का कारोबार करते थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


