संसद LIVE: पीएम स्पीच बिना ही लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पास
“संसद के बजट सत्र के सातवें दिन भी हंगामा जारी है। पीएम के जवाब बिना ही लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पास हुआ। राज्यसभा में जेपी नड्डा ने खरगे से कहा—कांग्रेस को ‘अबोध बालक’ का बंधक न बनाएं।”
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के सातवें दिन भी राजनीतिक टकराव चरम पर रहा। अमेरिका के साथ प्रस्तावित डील और पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब को लेकर विपक्ष का हंगामा जारी रहा। इसी बीच बड़ा घटनाक्रम यह रहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब के बिना ही लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पास कर दिया गया।
लोकसभा: 65 सेकंड में स्थगित, फिर दोबारा हंगामा
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हालात ऐसे रहे कि महज 65 सेकंड के भीतर सदन को 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा।
12 बजे कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन पांच मिनट बाद ही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
विपक्षी सांसद तख्तियां लेकर सदन में पहुंचे, जिस पर स्पीकर ओम बिरला ने साफ कहा कि तख्तियों के साथ सदन में आने पर बोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
PM के बिना ही पास हुआ धन्यवाद प्रस्ताव
लगातार हंगामे के बीच लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया। बजट सत्र में यह पहली बार हुआ जब प्रधानमंत्री अपने जवाब के बिना ही प्रस्ताव पास हो गया।
राज्यसभा में नड्डा–खरगे आमने-सामने
राज्यसभा में भी माहौल बेहद गरम रहा। राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने से रोके जाने का मुद्दा उठाने पर सदन के नेता जेपी नड्डा ने मल्लिकार्जुन खरगे को जवाब देते हुए कहा— “राज्यसभा में लोकसभा का मुद्दा नहीं उठाया जा सकता। कांग्रेस को अबोध बालक का बंधक मत बनाइए।”
नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एजेंडा केवल यह है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति में बाधा कैसे डाली जाए।
विपक्ष का वॉकआउट
एमएम नरवणे की किताब से कोट करने की अनुमति न मिलने पर विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया।
किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर तंज
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि चार दिन हो गए हैं, राहुल गांधी संसद के नियम नहीं मानते।
उन्होंने खरगे से सवाल किया—
“आप उन्हें समझाते क्यों नहीं?”
सीतारमण–खरगे के बीच तीखी नोकझोंक
राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खरगे के ‘लिंचिंग’ वाले बयान पर आपत्ति जताई और शब्द वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि विपक्ष को ऐसे आरोप लगाने का अधिकार नहीं है।
आज शाम राज्यसभा में पीएम का भाषण संभव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 5 बजे राज्यसभा में भाषण दे सकते हैं, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।


