संसद परिसर में गरमाई सियासत, राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू को कहा ‘गद्दार’
“संसद परिसर में सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई जब राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार’ कहा। मकर द्वार पर हुए इस वाकये ने बजट सत्र के दौरान राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया।”
नई दिल्ली। संसद परिसर में मंगलवार को सियासी बयानबाज़ी उस समय तेज हो गई, जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर विवादित टिप्पणी की। यह घटना संसद भवन के मकर द्वार के पास उस समय हुई, जब कांग्रेस सांसद प्रदर्शन कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू कांग्रेस सांसदों के पास से गुजर रहे थे, तभी राहुल गांधी ने उन्हें देखकर कहा,
“देखो, गद्दार यहीं से गुजर रहा है… चेहरा देखो…”
इसके बाद राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू की ओर हाथ बढ़ाते हुए कहा,
“हैलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त… चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आओगे।”
राहुल गांधी की इस टिप्पणी के बाद संसद परिसर में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई। बीजेपी नेताओं ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई, जबकि कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक व्यंग्य करार दिया।
उल्लेखनीय है कि रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। इस पृष्ठभूमि में राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर सियासी बयानबाज़ी और तेज होने के आसार जताए जा रहे हैं।


