Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

उत्तर प्रदेश दिवस 2026: 24 से 26 जनवरी तक लखनऊ में भव्य कार्यक्रम, अमित शाह करेंगे उद्घाटन

“उत्तर प्रदेश दिवस 2026 (UP Diwas 2026) 24 से 26 जनवरी तक ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित होगा। अमित शाह उद्घाटन करेंगे, ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ और शिल्प मेला विशेष आकर्षण होगा।”

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य का स्थापना दिवस इस बार तीन दिनों तक मनाया जाएगा। UP Diwas 2026 की थीम ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ रखी गई है। 24 से 26 जनवरी 2026 तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश की संस्कृति, शिल्प, व्यंजन और विकास यात्रा को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

राज्य सरकार ने इस बार यूपी दिवस-2026 को और अधिक भव्य, सांस्कृतिक तथा जनभागीदारी वाला बनाने की तैयारी की है। 24 जनवरी को गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह लखनऊ के नवसृजित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में UP Diwas 2026 का उद्घाटन करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी की समीक्षा, जनोत्सव का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यूपी दिवस-2026 की तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि यह आयोजन केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनोत्सव होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में हर जिले की भागीदारी हो और प्रदेश की आत्मा प्रदर्शित हो। उन्होंने कहा कि तैयारियां गरिमा, अनुशासन और समयबद्धता के साथ पूरी हों।

लखनऊ से पूरे प्रदेश में एक साथ उत्सव

UP Diwas 2026 का मुख्य समारोह लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होगा। इसे प्रदेश के सभी जनपदों में लाइव प्रसारण किया जाएगा ताकि पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ उत्सव मनाया जा सके। सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर भी सांस्कृतिक एवं विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विदेशों में भी मनाया जाएगा यूपी दिवस

उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन विदेशों में भी किया जाएगा। फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से कार्यक्रम होंगे। इसके लिए MSME और पर्यटन विभाग से सोवेनियर उपलब्ध कराए जाएंगे।

‘एक जनपद-एक व्यंजन’ से यूपी का स्वाद

इस बार यूपी दिवस का सबसे बड़ा आकर्षण ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ होगा। उत्तर प्रदेश के हर जिले के पारंपरिक व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे। आगंतुक कचौड़ी-सब्जी से लेकर कबाब, मिठाइयों से लेकर देसी पकवानों तक यूपी के विविध स्वादों का आनंद ले सकेंगे।

संस्कृति उत्सव और शिल्प मेला

उत्सव के दौरान ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला भी लगेगा। इसमें प्रदेश की विकास यात्रा, इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाई जाएगी। साथ ही लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला प्रस्तुतियां होंगी।

ODOP और GI Tag उत्पाद

‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी और विक्रय की व्यवस्था होगी। GI टैग प्राप्त उत्पादों को ट्रेड शो की तर्ज पर प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ के उत्पादों का भी प्रदर्शन होगा।

विशेष प्रदर्शनियां और सम्मान

मिशन शक्ति, नवाचार और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्यों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें युवा नेतृत्व, पर्यटन उद्यमिता, महिला स्व-सहायता समूह, कला, खेल, पंचायती राज, कृषि, ग्राम्य विकास जैसे क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button